यूपी चुनाव 2027: अलीगढ़ में BJP ने नहीं बदले चेहरे, राजीव शर्मा और कृष्णपाल सिंह पर फिर जताया भरोसा
विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर भाजपा ने अलीगढ़ में अपने मौजूदा महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा और जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह को दोबारा जिम्मेदारी सौंपी है।

राजीव शर्मा और कृष्णपाल सिंह की फाइल फोटो। सौजन्य- बीजेपी का आधिकारिक वेबसाइट
HighLights
भाजपा ने अलीगढ़ में मौजूदा अध्यक्षों पर ही भरोसा जताया है।
राजीव शर्मा और कृष्णपाल सिंह को पुनः जिम्मेदारी सौंपी गई।
विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक स्थिरता बनाए रखने का प्रयास।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। विधानसभा चुनाव की तैयारियों को देखते हुए भाजपा ने अलीगढ़ में संगठन के मौजूदा नेतृत्व पर ही भरोसा जताया है। संगठन पर्व के तहत उत्तर प्रदेश के 14 जिलों के जिलाध्यक्षों की घोषणा में अलीगढ़ महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा और जिला अध्यक्ष कृष्णपाल सिंह को फिर से जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने नए चेहरों को मौका देने के बजाय मौजूदा अध्यक्षों को दोबारा जिम्मेदारी देकर संगठन में निरंतरता बनाए रखने का फैसला किया है।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, विधानसभा चुनाव नजदीक होने के चलते पार्टी संगठन में बड़े बदलाव से बचना चाहती है। नए अध्यक्षों की नियुक्ति से संगठन के भीतर नए समीकरण बनने और पदाधिकारियों के बीच मतभेद की स्थिति पैदा हो सकती थी। ऐसे में मौजूदा नेतृत्व को दोहराकर पार्टी ने संगठनात्मक स्थिरता बनाए रखने की कोशिश की है। दोनों अध्यक्षों को संगठन की कार्यशैली, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ काम करने का अनुभव भी है।
महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा सामान्य वर्ग से हैं, जबकि जिला अध्यक्ष कृष्णपाल सिंह पिछड़ा वर्ग से आते हैं। दोनों को दोबारा जिम्मेदारी देने के पीछे सामाजिक समीकरण के साथ संगठनात्मक संतुलन भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब दोनों के सामने विधानसभा चुनाव के लिए संगठन को सक्रिय करने, बूथ स्तर तक तैयारियां मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बनाए रखने की चुनौती होगी।