भाजपा विधायक दलवीर ने सीएम से की बात, साथा चीनी मिल पर पड़वाया गन्ना
कई दिनों से ट्रॉली में गन्ना लादकर खड़े किसानों की समस्या को देखते हुए बरौली विधायक दलवीर सिंह ने किसानों का गन्ना मिल पर डलवा दिया। सीएम योगी आदित्यनाथ से बात की।
अलीगढ़ (जेएनएन)। कई दिनों से ट्रॉली में गन्ना लादकर खड़े किसानों की समस्या को देखते हुए बरौली विधायक दलवीर सिंह ने किसानों का गन्ना मिल पर डलवा दिया। सीएम योगी आदित्यनाथ से बात की। उन्हें किसानों की समस्या से अवगत कराया। सीएम ने कहा कि किसानों की समस्या के प्रति वो गंभीर हैं। यदि जरूरत पड़ी तो किसानों का गन्ना साबितगढ़ और अनूपशहर मिल पर भेजा जाएगा।
विधायक ने सुनी किसानों की समस्या
किसानों की परेशानी को विधानसभा क्षेत्र बरौली के भाजपा विधायक दलवीर सिंह ने गंभीरता से लिया। बरौली विधायक साथा मिल पहुंचे। मिल पर गन्ने से लदी ट्रॉलियां खड़ी थीं। किसानों ने विधायक को बताया कि पेराई न होने से काफी गन्ना खेतों में पड़ा है। किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
विधायक ने सीएम से की बात
बरौली विधायक ने प्रमुख सचिव, मुख्य सचिव गन्ना आदि अधिकारियों से बात की। सीएम से भी बात की। यदि साथा चीनी मिल सही नहीं चलती है तो करीब 35000 कुंतल गन्ना साबितगढ़ व अनूपशहर गन्ना मिलों को स्थानांतरित किया जाएगा, जिससे किसानों की मदद हो सके। अहम बात यह है कि साथा चीनी मिल की समस्या लंबे अरसे से चल रही है, लेकिन कोई भी ठोस उपाय नहीं किया जाता है। इस मौके पर विपिन चौहान, जगवीर सिंह चौहान, विधायक प्रवक्ता सुशील गुप्ता, विनोद कुमार चौहान, मनोज पंडित, गौरव चौहान मौजूद थे।