विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 07, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जमात-ए-इस्लामी पर प्रतिबंध का एएमयू में विरोध, सांसद समेत भाजपाइयों ने जताई नाराजगी

By Mukesh ChaturvediEdited By:
Published: Thu, 07 Mar 2019 05:21 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर में जमात-ए- इस्लामी संगठन पर प्रतिबंध के विरोध में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष सलमान इम्तियाज उतार आए हैं।

जमात-ए-इस्लामी पर प्रतिबंध का एएमयू में विरोध, सांसद समेत भाजपाइयों ने जताई नाराजगी
जमात-ए-इस्लामी पर प्रतिबंध का एएमयू में विरोध, सांसद समेत भाजपाइयों ने जताई नाराजगी

अलीगढ़ (जेएनएन)।  जम्मू-कश्मीर में जमात-ए- इस्लामी संगठन पर प्रतिबंध के विरोध में  अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष सलमान इम्तियाज उतार आए हैं। उन्होंने संगठन के समर्थन में बयान जारी कर कहा है कि प्रतिबंध गलत है, इसे हटाया जाना चाहिए। अध्यक्ष के बयान पर सांसद सतीश गौतम समेत अन्य भाजपाइयों ने नाराजगी जताई है।

गलत तरीके से की गई कार्रवाई
मीडिया को जारी खुले पत्र में अध्यक्ष ने कहा है कि जमात-ए-इस्लामी पर गलत तरीके से कार्रवाई की गई है। यह संस्था जम्मू-कश्मीर में लोगों के सेवा में काम करती है। 2005 में आए भूकंप व 2014 में आई बाढ़ में लोगों की मदद की। गरीब बच्चों को पढ़ा रही है। जमात से जुड़े लोग कई देशों में फैले हैं और अच्छे पदों पर हैं। जमात के किसी आतंकी संगठन से जुड़े होने के भी सुबूत नहीं मिले हैं। जमात चुनाव में यकीन रखती है। पांच बार चुनाव लड़ा है। अगर ऐसा है तो पब्लिक डोमेन में लगाया जाए। इससे पहले बैन लगाना ठीक नहीं है। अध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि मोदी सरकार के आने के बाद से देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात हैैं। एएमयू छात्र जमात पर लगाए बैन के खिलाफ हैं।

देशद्रोहियों का अड्डा : सांसद
जमात ए इस्लामी पर प्रतिबंध लगाने का विरोध करने पर भाजपा सांसद सतीश गौतम ने छात्रसंघ अध्यक्ष के खिलाफ नाराजगी जताई है। एएमयू का नाम लिए बगैर सांसद ने कहा कि हम हमेशा कहते आए हैं कि यह देशद्रोही लोगों का अड्डा है। आज यह फिर साबित हो गया है। 

देश बांटने की कोशिश
भाजपा के जिला प्रवक्ता निशित शर्मा ने कहा है कि जमात पर प्रतिबंध का विरोध विभाजनकारी व राष्ट्र विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। जितना खतरा हमें पाकिस्तान से है, उससे ज्यादा देश में रह रहे इस प्रकार के राष्ट्र विरोधी तत्वों से है। प्रशासन ऐसे अराजक तत्वों पर मुकदमा दर्ज कराए। इनकी अब तक की देश विरोधी गतिविधियों की जांच हो। आरोप लगाया कि छात्रसंघ अध्यक्ष ने पूरी ताकत लगा रखी है कि भारत को कमजोर व पाकिस्तान को मजबूत किया जाए।

आतंकवाद का समर्थन करना है : डॉ. मानवेंद्र
भाजपा ब्रज प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा है कि छात्र संघ अध्यक्ष का जमात पर प्रतिबंध का विरोध आतंकवाद का समर्थन करना है। उन्होंने इसकी निंदा करते हुए सरकार से कार्रवाई की मांग की है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रवक्ता प्रतीक चौहान ने भी अध्यक्ष के बयान पर नाराजगी जताई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।