यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 15, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Ayushman Bharat Scheme : आयुष्मान ने दी जीवन को रफ्तार, हाथों के सहारे चलता था, अब पैरों से दौड़ रहा
Ayushman Bharat Scheme आयुष्मान भारत योजना गरीबों के लिए वरदान साबित हो रही है। जिले में अब तक 10 हजार ...और पढ़ें

हाथरस, जागरण संवाददाता। Ayushman Bharat Scheme : जिले में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना गरीबों व बेसहारा लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। जिले में अब तक कुल 10 हजार 769 लाभार्थियों ने योजना के तहत अपना इलाज कराया है। वहीं, अब तक एक लाख 48 हजार से अधिक गोल्डन कार्ड (आयुष्मान कार्ड) बन चुके हैं। आयुष्मान योजना के बदौलत एक युवक अपने पैरों पर खड़ा हो गया।
आयुष्मान योजना से मिला नया जीवन : वकील अहमद निवासी मधुगढ़ी ने बताया कि एक हादसे में उसके दोनों कूल्हों की हड्डी टूट गई थी, जिसके बाद वह काफी परेशानी में था। वह हाथों के सहारे चलता था। आपरेशन के लिए रुपये नहीं थे। फिर उन्हें आयुष्मान योजना की जानकारी मिली। इसके बाद आयुष्मान कार्ड बनवाया और योजना के तहत मुफ्त में इलाज हुआ। उनका एक कूल्हे का आपरेशन जनवरी 2022 में व दूसरे का मई 2022 में हुआ। अब फिर से अपने पैरों पर खड़े हैं और चल पा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनका इलाज आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले के ही एक निजी अस्पताल में हुआ। सीएमओ डा. मंजीत सिंह ने बताया इस योजना का लाभ सभी को उठाना चाहिए। लोग गोल्डन कार्ड बनवाकर इसका लाभ ले सकते हैं।
आज जगह- जगह बनेंगे गोल्डन कार्ड : डिप्टी सीएमओ डा. एमआई आलम ने बताया कि यह योजना लोगों के लिए बेहद लाभदायक है। लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। 15 से 30 सितंबर तक आयुष्मान पखवाड़ा मनाया जाएगा। जिसमें ज्यादा से ज्यादा लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाए जाएंगे।
