विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आईसीएआई CA परीक्षा 2027: आवेदन 3 नवंबर से शुरू, जानें पूरा शेड्यूल

Published: Tue, 20 Oct 2026 03:37 PM (IST)

आईसीएआई ने जनवरी 2027 में होने वाली सीए फाउंडेशन और इंटरमीडिएट परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आवेदन प्रक्रिया ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. सीए फाउंडेशन, इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 कार्यक्रम जारी

  2. आवेदन प्रक्रिया 3 नवंबर से 16 नवंबर तक

  3. परीक्षाएं जनवरी 2027 में होंगी आयोजित

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) ने जनवरी 2027 में आयोजित होने वाली सीए फाउंडेशन और इंटरमीडिएट परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया तीन नवंबर से शुरू होगी। अभ्यर्थी 16 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क के आवेदन कर सकेंगे, जबकि 600 रुपये विलंब शुल्क के साथ 19 नवंबर तक फार्म जमा करने का अवसर मिलेगा। संस्थान ने अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले अपनी पात्रता और परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की जांच करने की सलाह दी है।

सीए फाउंडेशन और इंटरमीडिएट परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी

आईसीएआई की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, सीए फाउंडेशन की परीक्षाएं तीन से नौ जनवरी और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं दो से 12 जनवरी 2027 तक आयोजित की जाएंगी। सभी परीक्षाएं भारतीय समयानुसार दोपहर दो बजे शुरू होंगी। परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करना होगा। परीक्षा केंद्र या परीक्षा माध्यम में बदलाव के लिए 20 से 22 नवंबर तक करेक्शन विंडो उपलब्ध रहेगी।

अभ्यर्थी परीक्षा फार्म भरने और शुल्क जमा करने के लिए आधिकारिक पोर्टल (icai.org) और परीक्षा आवेदन पोर्टल (eservices.icai.org) पर जा सकते हैं। फार्म भरते समय अभ्यर्थियों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, परीक्षा संबंधी विकल्प और अन्य आवश्यक विवरण सावधानीपूर्वक दर्ज करने होंगे। आवेदन जमा करने से पहले सभी जानकारियों का मिलान करना जरूरी होगा।

फाउंडेशन की परीक्षाएं तीन जनवरी से

सीए फाउंडेशन के चार पेपर तीन, पांच, सात और नौ जनवरी 2027 को आयोजित किए जाएंगे। पेपर एक और दो की अवधि तीन घंटे, जबकि पेपर तीन और चार की अवधि दो घंटे होगी। पेपर तीन और चार में अतिरिक्त रीडिंग टाइम नहीं दिया जाएगा। अन्य पेपरों के लिए दोपहर 1:45 से दो बजे तक 15 मिनट का रीडिंग टाइम निर्धारित किया गया है।

दो ग्रुप में होगी इंटरमीडिएट परीक्षा

सीए इंटरमीडिएट की परीक्षाएं दो ग्रुप में होंगी। ग्रुप एक के पेपर दो, चार और छह जनवरी को, जबकि ग्रुप दो के पेपर आठ, 10 और 12 जनवरी को आयोजित किए जाएंगे। सभी पेपर तीन घंटे के होंगे। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले दोपहर 1:45 से दो बजे तक 15 मिनट का अतिरिक्त रीडिंग टाइम मिलेगा।

यह भी पढ़ें- जल्दी करें आवेदन, यूपी की ग्राम पंचायतों को शिक्षा सुधार के लिए मिलेगा 3 लाख का सीखो सिखाओ पुरस्कार

हिंदी या अंग्रेजी माध्यम चुनने का विकल्प

फाउंडेशन और इंटरमीडिएट परीक्षा के अभ्यर्थियों को हिंदी अथवा अंग्रेजी माध्यम चुनने की सुविधा मिलेगी। आवेदन करते समय माध्यम का चयन सावधानीपूर्वक करना होगा। संस्थान ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर आवेदन पूरा करें और फॉर्म जमा करने के बाद उसकी पुष्टि तथा शुल्क भुगतान से संबंधित विवरण सुरक्षित रखें।