शहर विधायक के सामने फूटा गुस्सा,शारीरिक दूरी की धज्जियां उड़ी Aligarh News
कांशीराम आवास में समस्याओं को लेकर रविवार को शहर विधायक संजीव राजा के सामने स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
अलीगढ़ [जेएनएन]: सारसौल स्थित कांशीराम आवास में समस्याओं को लेकर रविवार को शहर विधायक संजीव राजा के सामने स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों का कहना था कि आवास के चारों ओर गंदगी का अंबार लगा रहता है। कोरोना जैसी बीमारी के समय भी यहां कोई साफ-सफाई नहीं हो रही है। आवास में पेयजल आदि की समस्याएं बनी हुई हैं। भीड़ इतनी थी कि शारीरिक दूरी की धज्जियां उड़ गईं। शहर विधायक ने आश्वासन दिया कि जल्द वह समस्या का समाधान कराएंगे, उसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
नहीं आता सफाई कर्मी
सारसौल क्षेत्र में स्थित कांशीराम आवास में शहर विधायक संजीव राजा वन महोत्सव पौधरोपण करने पहुंचे थे। लोगों ने विधायक का घेराव कर दिया। आवास में फैली विभिन्न समस्याओं के बारे में वह संजीव राजा को बताने लगे। जगदीश शर्मा और दीपक कुमार ने कहा कि कोरोना जैसी बीमारी में पूरी कॉलोनी में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। कोई उनकी समस्या सुनने नहीं आता है। विधायक संजीव राजा ने बताया कि लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं थी। यह कॉलोनी एडीए से मिली है। नगर निगम को अभी नहीं सौंपी गई है, जिसके चलते यहां सफाई कर्मी आदि नहीं आ रहे हैं, जिसके चलते यहां समस्याएं बनी हुई हैं। वह डीएम से मिलकर जल्द यहां की समस्याओं का निस्तारण कराएंगे।