लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर किसानों में आक्रोश, आज करेंगे पैदल मार्च Aligarh news
लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर किसान संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है। भाकियू (स्वराज) ओबीसी मोर्चा ने रविवार को गांव सांकरा में भाजपा नेताओं का पुतला फूंका। संयुक्त किसान मोर्चा की अगुवाई में सोमवार को आंबेडकर पार्क से जिला मुख्यालय तक पैदल मार्च निकाला जाएगा।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर किसान संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है। भाकियू (स्वराज) ओबीसी मोर्चा ने रविवार को गांव सांकरा में भाजपा नेताओं का पुतला फूंका। संयुक्त किसान मोर्चा की अगुवाई में सोमवार को आंबेडकर पार्क से जिला मुख्यालय तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। उधर, सपाई इगलास एसडीएम कार्यालय का घेराव करेंगे।
भाजपा नेताओं के खिलाफ की नारेबाजी
भाकियू (स्वराज) ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुनहरी यादव की अगुवाई में पदाधिकारियों ने गांव सांकरा में पुतला फूंककर भाजपा नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की। भाकियू (स्वराज) के जिलाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा ने बताया कि लखीमपुर खीरी की घटना बेहद निंदनीय है। सरकार काे कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। संगठन की मांग है कि प्रकरण में हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के बेटे को जेल भेजा जाए। मृतक आश्रितों को नौकरी दी जाए, परिवारों काे 25-25 लाख रुपये मुआवजा मिले। मांग पूरी न होने पर आंदोलन किया जाएगा। संयुक्त किसान मोर्चा के जिला संयोजक शशिकांत ने बताया कि घटना के विरोध में सोमवार को देशभर में जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया जाएगा। अलीगढ़ में सुबह 10 किसान संगठनों के पदाधिकारी आंबेडकर पार्क पर जुटेंगे। यहां से जिलाधिकारी कार्यालय जाकर ज्ञापन दिया जाएगा।
ये लोग रहे उपस्थित
ज्ञापन में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा की बर्खास्तगी और बेटे पर मुकदमे की मांग की जाएगी। उधर, भाकियू (हरपाल) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. हरपाल सिंह ने भी घटना पर रोष व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि इगलास कस्बा चौकी इंचार्ज रामकेश यादव ने उनसे मुलाकात कर आंदोलन न करने का आग्रह किया है। चौकी इंचार्ज से स्पष्ट कह दिया कि किसानों के हित में आंदोलन करने से पीछे नहीं हटा जाएगा। टिकैत गुट के राष्ट्रीय महासचिव राजपाल शर्मा ने पीड़ित परिवारों को 50-50 लाख रुपये देने की मांग सरकार से की है। सपा जिला उपाध्यक्ष अर्जुन ठाकुर ने बताया कि सोमवार को दोपहर 12 बजे उप जिलाधिकारी इगलास कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन सौंपा जाएगा।