वीमेंस कॉलेज से उठी आवाज, AMU छात्रों के बराबर मिले अधिकार, लाइब्रेरी में पढ़ने का हो हक
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के वीमेंस कॉलेज की छात्रसंघ पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण समारोह में छात्राओं के लिए समान अधिकारों और ...और पढ़ें

AMU वीमेंस कॉलेज में स्टूडेंट यूनियन पदाधिकारी शपथ लेते हुए।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। आधा सेमेस्टर बीतने पर भी सिलेबस अधूरा, शिक्षकों की कमी और मेस में खराब खाना। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के वीमेंस कालेज की छात्रसंघ पदाधिकारियों ने शपथ लेते ही कालेज की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए और छात्राओं के अधिकारों की आवाज बुलंद की।
मौलाना आजाद लाइब्रेरी में पढ़ने और कालेज की छात्राओं को भी एएमयू के मुख्य परिसर जैसी सुविधाओं का हक भी मांगा। वीमेंस कालेज में मंगलवार को नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कालेज सभागार में हुए समारोह में पदाधिकारियों ने शपथ लेने के साथ ही छात्राओं के हक, अधिकार और कालेज की व्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दे उठाए।
सहारनपुर निवासी अध्यक्ष अनम रियाज ने कहा कि एएमयू और वीमेंस कालेज दो अलग-अलग संस्थान नहीं, बल्कि एक ही विश्वविद्यालय का हिस्सा हैं। ऐसे में एएमयू के छात्रों को मिलने वाली सुविधाएं और अधिकार वीमेंस कालेज की छात्राओं को भी मिलने चाहिए।
उन्होंने मौलाना आजाद लाइब्रेरी में छात्राओं को पढ़ने की अनुमति देने, कालेज में शिक्षकों की कमी दूर करने और सभी विभागों में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। छात्राओं के सम्मान और उनके साथ होने वाले दुर्व्यवहार के मामलों में कार्रवाई की जरूरत पर भी जोर दिया। कहा कि छात्राओं को अपनी समस्याएं रखने के लिए प्रशासन के सामने बार-बार परेशान न होना पड़े।
इसके लिए प्रभावी व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने एएमयू छात्रसंघ की तीनों प्रमुख सीटों पर कालेज की छात्राओं की भागीदारी और मुख्य परिसर के साथ बेहतर समन्वय की भी मांग रखी। एएमयू परिसर निवासी उपाध्यक्ष आयशा खान ने समय पर मार्कशीट जारी करने, शिक्षकों की कमी दूर करने और कालेज में शिकायत पेटी लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समयबद्ध जवाब मिलना चाहिए।
कई विषयों में आधा सेमेस्टर बीत जाने के बाद भी पढ़ाई और पाठ्यक्रम पूरा नहीं हो पाता। इसका सीधा नुकसान छात्राओं को उठाना पड़ता है। वहीं, कश्मीर के नीलीपुरा निवासी सचिव मरियम जान ने कालेज में खाने की गुणवत्ता का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि भोजन की व्यवस्था ठीक नहीं होने से छात्राओं की तबीयत खराब हो जाती है।
शिकायत करने पर कुछ दिनों तक भोजन की गुणवत्ता सुधरती है, लेकिन फिर पुरानी स्थिति हो जाती है। उन्होंने ऐसी स्थायी व्यवस्था बनाने की मांग की, जिससे घर से दूर रहकर पढ़ाई करने वाली छात्राओं को नियमित रूप से बेहतर भोजन मिल सके।
लड़कों से कम नहीं लड़कियां
अध्यक्ष अनम रियाज ने कहा कि एएमयू का इतिहास उठा कर देख लें, लड़कियों ने हमेशा लड़कों के साथ आवाज उठाई। छात्र संघ चुनाव की मांग के साथ चुनाव आयोग के अध्यक्ष ज्ञानेद्र कुमार के इस्तीफे की भी मांग की। चार साल पहले कैंपस में एक लड़की ने खुदकुशी कर लीं, तो कुछ लोगों ने उनके चरित्र पर उंगली उठाई। आखिर लड़कियों के साथ ही ऐसा क्यों होता है।
अरे, अध्यक्ष जी तो चले गए...
शपथ ग्रहण समारोह में छात्र संघ अध्यक्ष नौमान अशरफ भी शामिल हुए। सचिव के भाषण के बाद उपाध्यक्ष संबोधित कर रहीं थीं, इसी बीच नौमान अशरफ उठकर चल दिए। मंच बैठीं सभी पदाधिकारी उन्हें देखती रह गईं। उपाध्यक्ष ने तो कुछ नहीं बोला, लेकिन अध्यक्ष कहने से नहीं चूकीं। भाषण के बीच में ही उन्होंने कहा, अरे अध्यक्ष जी तो चले गए। मुझे उनसे कुछ कहना था।
हाॅस्टल में बढ़ेंगे बेड, 24 घंटे में उपलब्ध होंगी लाइब्रेरी से किताबें : कुलपति
AMU के वीमेंस कालेज में छात्रसंघ के शपथ ग्रहण समारोह में कुलपति प्रो. नईमा खातून ने छात्राओं की ओर से उठाई गई समस्याओं और मांगों पर जवाब दिया। उन्होंने शिक्षकों की नियुक्ति से लेकर लाइब्रेरी, बजट और हाॅस्टल की व्यवस्थाओं में सुधार का भरोसा दिलाया। कुलपति ने बताया कि स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति के लिए विश्वविद्यालय और यूजीसी स्तर पर प्रक्रिया जारी है।
मौलाना आजाद लाइब्रेरी में यदि कोई किताब उपलब्ध नहीं है तो छात्राओं की ओर से मांग किए जाने पर 24 घंटे के भीतर उसकी व्यवस्था कराई जाएगी। इसके लिए लाइब्रेरी का बजट भी बढ़ाया जाएगा। उन्होंने छात्राओं की आउटिंग से जुड़ी समस्या पर बैठक बुलाने का आश्वासन दिया।
साथ ही जरूरतमंद छात्राओं के लिए हाॅस्टल में बेड की व्यवस्था कराने की बात कही। कुलपति ने भरोसा दिलाया कि छात्राओं की समस्याओं और सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।