अलीगढ़ में 1.5 महीने बाद भी नहीं सुधरा मेस का खाना, छात्रों ने घेरा वीसी आवास; प्राक्टर ने छात्रों के साथ बैठकर खाया खाना
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के छात्रों ने डेढ़ महीने से खराब मेस के खाने की गुणवत्ता को लेकर वीसी आवास का ...और पढ़ें
-1789243075212_m.webp)
यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।
HighLights
छात्रों ने डेढ़ महीने से खराब मेस खाने की शिकायत की।
वीसी आवास का घेराव कर प्रदर्शन किया, नारेबाजी भी की।
प्राक्टर ने छात्रों के साथ बैठकर खाने की गुणवत्ता परखी।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। डेढ़ महीने से मेस के खाने की गुणवत्ता को लेकर शिकायत कर रहे अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के सर सैयद हाल नार्थ के छात्रों का शनिवार रात सब्र टूट गया। बड़ी संख्या में छात्र करीब साढ़े दस बजे वीसी आवास पहुंच गए। सड़क पर धरना देकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मेस व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
छात्रों का आरोप है कि वे लगातार मेस के खाने की गुणवत्ता और मात्रा को लेकर शिकायत कर रहे हैं, लेकिन स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हुआ। कभी अधपका चावल तो कभी खराब और बदबूदार सब्जी परोसे जाने की शिकायत छात्रों ने की। कुछ छात्रों ने भोजन में कीड़े मिलने का आरोप भी लगाया।
छात्र नेता अनस के अनुसार, मेस की समस्या को लेकर प्रोवोस्ट, वार्डन और डाइनिंग इंचार्ज को कई बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है। हर बार व्यवस्था सुधारने का आश्वासन मिला, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस बनी रही। छात्रों का कहना है कि पूरी फीस लेने के बावजूद उन्हें पर्याप्त मात्रा में भोजन नहीं मिल रहा है।
खराब खाने से तबीयत बिगड़ने का दावा
छात्रों ने आरोप लगाया कि खराब गुणवत्ता का भोजन खाने से कई छात्रों को पेट दर्द और फूड प्वाइजनिंग जैसी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने मेस की व्यवस्थाओं की जांच के लिए कमेटी गठित करने, भोजन की नियमित गुणवत्ता जांच कराने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
प्राक्टर ने छात्रों के साथ बैठकर परखा खाना
छात्रों के धरने की सूचना मिलने पर प्राक्टर प्रो. नवेद खान मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद वह छात्रों के साथ मेस पहुंचे और वहां परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता खुद परखी। प्राक्टर ने छात्रों के साथ बैठकर खाना भी खाया।
उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाया कि भविष्य में मेस में बेहतर गुणवत्ता का भोजन उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। छात्रों ने भी अपनी मांग दोहराते हुए कहा कि केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। मेस व्यवस्था की नियमित निगरानी हो और छात्रों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
