खुली जीप और पटाखों का धूम धड़ाका, AMU स्टूडेंट यूनियन ने निकाला विजय जुलूस
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में आठ साल बाद हुए छात्रसंघ चुनाव के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने गुरुवार को विजय जुलूस निकाला। छात्रों ...और पढ़ें
-1794496133484_m.webp)
AMU में जुलूस निकालते स्टूडेंट यूनियन के चुने हुए पदाधिकारी।
HighLights
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने निकाला शानदार विजय जुलूस।
नशरा नईम बनीं एएमयू की पहली महिला उपाध्यक्ष।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में आठ साल बाद हुए छात्रसंघ चुनाव में जीत दर्ज करने वाले नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने गुरुवार को विजय जुलूस निकालकर जमकर जश्न मनाया। छात्रों ने आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया। दोपहर दो बजे जुलूस निकालने का समय निर्धारित था, लेकिन यह करीब चार बजे शुरू हो सका। जुलूस में बड़ी संख्या में छात्र और समर्थक शामिल हुए।
विजय जुलूस में अध्यक्ष मो. नौमान अशरफ, उपाध्यक्ष नशरा नईम और सचिव मो. हमदान एक ही जीप पर सवार थे। वहीं, वीमेंस कालेज छात्रसंघ की नवनिर्वाचित अध्यक्ष सहारनपुर निवासी अनम रियाज, अलीगढ़ निवासी उपाध्यक्ष आयशा खान, जम्मू-कश्मीर निवासी सचिव मरियम जान अलग जीप में शामिल हुईं। सीनियर कोर्ट मेंबर के लिए भी अलग जीप थी।
इनके पीछे बड़ी संख्या में छात्र पैदल चलते हुए नारेबाजी और आतिशबाजी के साथ जीत का जश्न मनाते रहे। जुलूस की शुरुआत आफताब हाल से हुई। यहां से फुटबाल ग्राउंड, सुलेमान हाल, लाइब्रेरी और इंजीनियरिंग कालेज होते हुए बाबा सैयद पहुंचा। इसके बाद वापस लौटकर एसएस नार्थ पर इसका समापन हुआ। पूरा जुलूस विश्वविद्यालय परिसर के अंदर ही निकाला गया।
पांच नवंबर को हुए छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर निवासी पीएचडी शोधार्थी मो. नौमान अशरफ ने जीत दर्ज की थी। उपाध्यक्ष पद पर गोरखपुर के कोवाली रोड स्थित माया बाजार निवासी बीए-एलएलबी की छात्रा नशरा नईम विजयी हुई थीं।
वह एएमयू छात्रसंघ के इतिहास में पहली महिला उपाध्यक्ष बनी हैं। वहीं, सचिव पद पर आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मंग्रामपुर रायसी निवासी बीटेक के छात्र मो. हमदान निर्वाचित हुए थे। अब 15 नवंबर को नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।