AMU छात्रसंघ चुनाव में नौमान अशरफ अध्यक्ष बने, नसरा नईम ने पहली महिला उपाध्यक्ष बनकर इतिहास रचा
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय AMU में आठ साल बाद हुए छात्रसंघ चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं, जिसमें मो. नौमान ...और पढ़ें

जीत हासिल करने के बाद अध्यक्ष मो. नौमान अशरफ और उपाध्यक्ष नसरा नईम।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में आठ साल बाद हुए छात्रसंघ चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं। अध्यक्ष पद पर मो. नौमान अशरफ ने 4121 मतों से जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद पर नसरा नईम निर्वाचित हुईं। खास बात यह है कि एएमयू छात्रसंघ के इतिहास में पहली बार किसी छात्रा ने उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है। सचिव पद पर मोहम्मद हमदान ने 1503 मतों से जीत दर्ज की।
गुरुवार को हुए मतदान में कुल 20,754 मतदाताओं में से 15,523 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह 74.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। शाम को मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद रात आठ बजे से मतगणना शुरू हुई। देर रात परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
अध्यक्ष पद पर निर्वाचित मो. नौमान अशरफ पीएचडी के विद्यार्थी हैं और बिहार के सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं। उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल करने वाली नसरा नईम बीएएलएलबी की छात्रा हैं और लखनऊ की रहने वाली हैं। सचिव पद पर निर्वाचित मोहम्मद हमदान बीटेक के विद्यार्थी हैं।
वर्ष 2018 के बाद विश्वविद्यालय में पहली बार छात्रसंघ चुनाव हुए हैं। करीब आठ साल के अंतराल के बाद हुए इस चुनाव में छात्र राजनीति की नई पीढ़ी ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई। चुनाव के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। अब नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के सामने छात्रहित से जुड़े मुद्दों को उठाने और विद्यार्थियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की चुनौती होगी।