आठ साल बाद AMU में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान शुरू, अलग-अलग पदों के लिए ये हैं प्रत्याशी
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में आठ साल के लंबे इंतजार और 20 दिन के आंदोलन के बाद छात्रसंघ चुनाव के लिए ...और पढ़ें

AMU में शुरू हुए मतदान के लिए छात्र-छात्राओं में जबरदस्त उत्साह है।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। आठ साल का इंतजार, 20 दिन का आंदोलन और लंबे संघर्ष के बाद आखिरकार गुरुवार को अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। सुबह नौ बजे से 20,742 विद्यार्थी अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
मतदान के साथ ही अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव समेत यूनियन के पदाधिकारियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो जाएगी। शाम सात बजे से मतगणना शुरू होगी और देर रात तक परिणाम आने की उम्मीद है।
वर्ष 2018 के बाद विश्वविद्यालय में पहली बार छात्रसंघ चुनाव हो रहे हैं। इस दौरान हजारों विद्यार्थी पढ़ाई पूरी कर विश्वविद्यालय से जा चुके हैं और उनकी जगह नई पीढ़ी ने ले ली है। ऐसे में यह चुनाव केवल नए पदाधिकारियों के चयन तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे जेन-जी की सोच और छात्र राजनीति को लेकर उसकी अपेक्षाएं भी सामने आएंगी। सवाल यह भी है कि नई पीढ़ी किस तरह की छात्र यूनियन चाहती है और उसके मुद्दे क्या हैं।
चुनाव में अध्यक्ष पद पर नौ, उपाध्यक्ष पर सात और सचिव पद पर तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। इनके अलावा कैबिनेट के 46 और यूनिवर्सिटी कोर्ट मेंबर के 70 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला भी मतदान से होगा। विश्वविद्यालय की 13 फैकल्टी में मतदान केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर कई बूथों की व्यवस्था की गई है। वीमेंस कालेज में भी छात्राएं अपनी यूनियन चुनने के लिए मतदान कर रही हैं।
20 दिन के आंदोलन के बाद बनी बात
छात्रसंघ चुनाव की बहाली के लिए विद्यार्थियों को लंबा संघर्ष करना पड़ा। वर्ष 2018 के बाद से हर साल चुनाव कराने की मांग उठती रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। कोरोना संक्रमण के चलते 2020 और 2021 में भी चुनाव नहीं हो सके। इस बार विद्यार्थियों ने चुनाव कराने की मांग पर निर्णायक लड़ाई शुरू की। विश्वविद्यालय के डक प्वाइंट पर 20 दिन तक धरना चला। छात्र यासिर फहद भूख हड़ताल पर बैठ गए।
आंदोलन को लगातार समर्थन मिलता रहा। इस दौरान छात्रों के बीच मारपीट भी हुई और विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया। एक पूर्व छात्र को जेल भी जाना पड़ा, लेकिन आंदोलन जारी रहा। आखिरकार नौ अक्टूबर को प्रशासन ने चुनाव कराने की घोषणा कर दी।
प्रचार के बाद अब मतदाताओं की बारी
29 अक्टूबर को नामांकन के साथ ही प्रत्याशियों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया था। परिसर में व्यक्तिगत संपर्क, समूहों में बैठक और अलग-अलग मुद्दों के जरिये मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश हुई। तीन नवंबर को हुई अंतिम भाषण प्रतियोगिता में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव पद के प्रत्याशियों ने यूनियन हाल की छत से विद्यार्थियों के सामने अपनी बात रखी। राष्ट्रीय मुद्दों से लेकर विश्वविद्यालय की समस्याओं तक पर प्रत्याशियों ने विचार रखे। अब इन दावों और वादों की असली परीक्षा मतदान में हो रही है।
पहली बार वोट डालकर चुनेंगे नई टीम
आठ साल बाद हो रहे चुनाव में मौजूदा विद्यार्थियों का बड़ा हिस्सा पहली बार छात्रसंघ के लिए मतदान कर रहा है। वर्ष 2018 में मतदान करने वाले अधिकांश विद्यार्थी अब विश्वविद्यालय से जा चुके हैं। ऐसे में प्रत्याशियों के सामने पुराने छात्र नेताओं की पहचान के साथ-साथ नई पीढ़ी की अपेक्षाओं को समझने की चुनौती भी रही। इस चुनाव से साफ होगा कि विद्यार्थियों की प्राथमिकता अकादमिक सुविधाएं, छात्र अधिकार, परिसर की समस्याएं हैं या राष्ट्रीय और वैचारिक मुद्दे भी उनके फैसले को प्रभावित कर रहे हैं।
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी
मो. जुहैर अहमद (एमटेक), आमिना इरशाद (पीएचडी), मो. इंतखाब (पीएचडी), अब्दुल वहीद (पीएचडी), मो. नौमान अशरफ (पीएचडी), सरजील इकबाल (पीएचडी), साहिल खान (पीएचडी), सरजील मोहम्मद खान (पीएचडी) और असमर फरीदी (एमए)।
उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी
मोहम्मद सादान (पीएचडी), सैयद अयान अहमद (बीएएलएलबी), अशफाक हुसैन (पीएचडी), अयमान हफीज खान (एमएससी), नशरा नईम (बीएएलएलबी), साकिब अली खान (एमटेक) और इरफा खान (एमए)।
सचिव पद के प्रत्याशी
अहमद फराज राजी (पीएचडी), मो. हमदान (बीटेक) और मो. आवैस (बीएससी)।
वीमेंस कालेज की यूनियन पर भी नजर
वीमेंस कालेज की यूनियन के लिए भी गुरुवार को मतदान हो रहा है। अध्यक्ष पद पर आयशा जमाल, रुकैया खान, अनम रियाज, तमन्ना मुजफ्फर, मरियम नाज और तहुरा शकील मैदान में हैं। उपाध्यक्ष पद पर सानिया सिराज, शमा फातिमा, आयशा खान और मरियम फातिमा के बीच मुकाबला है। सचिव पद के लिए जोया रहमान, मरियम जान, सानिया खान, रुकैया खातून और जैनब चुनाव लड़ रही हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।