AMU छात्र संघ बहाली आंदोलन ने पकड़ा राजनीतिक रंग, सरकार और प्रशासन पर साधा निशाना
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में छात्र संघ बहाली और चुनाव की मांग को लेकर चल रहा धरना अब राजनीतिक रंग ले रहा है, जो 15वें दिन भी जारी है।

एएमयू में धरना स्थल पर गरमाने लगी राजनीति
HighLights
एएमयू में छात्र संघ बहाली को लेकर 15 दिन से धरना।
सपा नेता सुमैया राणा ने छात्रों का समर्थन किया, सरकार पर निशाना।
निलंबित छात्र यासिर फहद भूख हड़ताल पर, आरिज गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में छात्र संघ बहाली और चुनाव की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन अब राजनीतिक रंग लेने लगा है। सोमवार को धरना 15वें दिन भी जारी रहा। सुबह से ही छात्र डक प्वाइंट स्थित धरना स्थल पर जुटने लगे। रविवार को सपा नेता सुमैया राणा ने धरने में पहुंचकर छात्रों का समर्थन किया और सरकार व विश्वविद्यालय इंतजामिया पर निशाना साधा।
सोमवार को डॉ. आंबेडकर स्टूडेंट फ्रंट ऑफ इंडिया (डीएएसएफआई) के प्रदेश सचिव आदित्य गौतम को धरने को संबोधित करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
छात्र संघ बहाली और चुनाव की मांग को लेकर 21 सितंबर से चल रहे धरने में निलंबित छात्र यासिर फहद भूख हड़ताल पर बैठे हैं। छात्र नेता प्रशासन से बातचीत कर मांगों का समाधान करने की मांग कर रहे हैं। इसी बीच धरने से जुड़े घटनाक्रम और छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर भी माहौल गर्म है।
रविवार को सुमैया राणा ने लगाए थे आरोप
रविवार को धरना स्थल पर पहुंचीं सुमैया राणा ने भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों से इंतजामिया को बातचीत करने की बात कही। उन्होंने सवाल उठाया कि छात्र संघ के चुनाव क्यों नहीं कराए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र अपने बुनियादी मुद्दों को लेकर कई महीनों से आवाज उठा रहे हैं, लेकिन उनकी अनदेखी की जा रही है। उन्होंने अन्य विश्वविद्यालयों में हुए छात्र आंदोलनों का भी उल्लेख किया।
आरिज की गिरफ्तारी से और बढ़ी नाराजगी
छात्रों में पूर्व छात्र आरिज खान उर्फ आरिज आजमी की गिरफ्तारी को लेकर भी नाराजगी है। नौ अक्टूबर की रात हुई मारपीट के मामले में दर्ज मुकदमे में नामजद आरिज को पुलिस ने शनिवार रात एमएम हाल से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के विरोध में छात्रों ने विश्वविद्यालय के सभी गेट बंद कर दिए थे। रविवार तड़के प्रॉक्टोरियल टीम ने छात्रों की ओर से लगाए गए तालों को तोड़कर गेट खुलवाए। सेंटेनरी गेट का ताला सुबह करीब नौ बजे खुल सका।
छात्र नेता सलमान गौरी ने कहा कि छात्र अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं और सोमवार को आदित्य गौतम को संबोधित करने के लिए बुलाया गया है।
प्रॉक्टर को हटाने की मांग
छात्र नेता जानिब हसन ने प्रॉक्टर को तत्काल हटाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि धरने को 15 दिन हो चुके हैं और भूख हड़ताल पर बैठे यासिर फहद की हालत खराब है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में बेहतर माहौल के लिए छात्रों, कर्मचारियों, एलुमनाई और ओल्ड ब्वॉयज की चिंताओं पर ध्यान देना होगा। आठ साल से अधिक समय से छात्र संघ का चुनाव न होने का मुद्दा भी उन्होंने उठाया।
