एएमयू शपथ ग्रहण समारोह में हंगामा, भाजपा नेता के खिलाफ एफआईआर की मांग पर कार्यक्रम रुका
एएमयू में छात्रसंघ शपथ ग्रहण समारोह भाजपा नेता रघुराज सिंह के खिलाफ एफआईआर की मांग को लेकर हंगामे के कारण रोक दिया गया।

एएमयू छात्र संघ के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान रघुराज सिंह मंत्री पर एफआइआर दर्ज करने को लेकर हंगामा करते छात्र।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में रविवार को छात्रसंघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान हंगामा हो गया। उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे असमर फरीदी ने अपने संबोधन में भाजपा नेता रघुराज सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग उठा दी।
उन्होंने आरोप लगाया कि रघुराज सिंह ने एएमयू को आतंकवादियों का अड्डा कहा था। असमर फरीदी अपने साथ इस संबंध में तहरीर भी लेकर पहुंचे थे। उन्होंने मांग रखी कि जब तक भाजपा नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होगी, तब तक कार्यक्रम आगे नहीं बढ़ेगा।
इस मांग के बाद समारोह में हंगामे की स्थिति बन गई और कार्यक्रम रोकना पड़ा। असमर फरीदी की तहरीर थाने भेज दी गई है। समारोह स्थल पर छात्रों के बीच विरोध और नारेबाजी का माहौल बना हुआ है। अध्यक्ष पद के हारे प्रत्याशी इंतखाब ने भी इस मुद्दे पर अपना रुख रखते हुए कहा कि रघुराज को खींच लेंगे।
दरअसल, आठ साल बाद पांच नवंबर को हुए छात्रसंघ चुनाव के बाद रविवार को यूनियन हाल में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसमें अध्यक्ष मो. नौमान अशरफ, उपाध्यक्ष नशरा नईम और सचिव मो. हमदान समेत नवनिर्वाचित पदाधिकारी शपथ ले रहे हैं।
समारोह में चुनाव जीतने वाले प्रत्याशियों के साथ हारने वाले दावेदारों को भी अपनी बात रखने का अवसर दिया गया है। नशरा नईम एएमयू छात्रसंघ के इतिहास में पहली महिला उपाध्यक्ष चुनी गई हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।