एएमयू बवाल में आरोपित पूर्व छात्र शरजील जेल से रिहा
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में हुए बवाल में आरोपित पूर्व छात्र शरजील उस्मानी को जमानत मंजूर होने के बाद जेल से रिहा कर दिया गया है।
अलीगढ़ जेएनएन: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में हुए बवाल में आरोपित पूर्व छात्र शरजील उस्मानी को जमानत मंजूर होने के बाद जेल से रिहा कर दिया गया है। शरजील को लखनऊ एटीएस ने आजमगढ़ से नौ जुलाई को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बवाल को उकसाने में मुख्य सात साजिशकर्ताओं में पूर्व छात्र शरजील का नाम सामने आया था। शरजील पर चार मुकदमे दर्ज हैं। इनकी पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता आले नबी ने बताया कि एक मुकदमे में जिला जज, एक में एडीजे-3 और दो में एससी-एसटी के विशेष न्यायालय से जमानत मंजूर हुई है। एएमयू में 15 दिसंबर को बवाल हुआ था। इसके मुख्य दोनों में मुकदमों में शरजील का नाम था। शुरुआती जांच में सात साजिशकर्ताओं में भी शरजील उस्मानी शामिल था। सीएए के खिलाफ बने फ्रैटरनिटी मूवमेंट में भी शरजील उस्मानी पदाधिकारी है।