विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारतीय सेना में अफसर बनी अलीगढ़ की बेटी तपस्या, ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से किया भव्य स्वागत

Published: Sun, 06 Sep 2026 07:53 PM (IST)

अलीगढ़ के डेटा खुर्द गांव की तपस्या चौधरी भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनीं, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।

पिसावा में लेफ्टिनेंट तपस्या चौधरी को राधा-कृष्ण चित्र भेंट कर सम्मानित करते किसान

पिसावा में लेफ्टिनेंट तपस्या चौधरी को राधा-कृष्ण चित्र भेंट कर सम्मानित करते किसान

HighLights

  1. डेटा खुर्द की तपस्या चौधरी भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनीं।

  2. गांव लौटने पर किसानों और ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया।

  3. तपस्या ने युवाओं को मेहनत से पढ़ाई का संदेश दिया।

संवाद सूत्र, अलीगढ़। पिसावा क्षेत्र के गांव डेटा खुर्द की बेटी तपस्या चौधरी के भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। गांव लौटने पर किसानों ने फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया।

तपस्या ने प्रारंभिक शिक्षा पिसावा के सनराइज पब्लिक स्कूल से कक्षा आठ तक की। इसके बाद ग्रेटर नोएडा के सावित्रीबाई फुले इंटर कॉलेज से 10वीं और 12वीं पास की। गाजियाबाद के आरकेजीआईटी कॉलेज से बीटेक करने के बाद उन्होंने गुड़गांव की एक आईटी कंपनी में नौकरी की।

नौकरी के दौरान ही उन्होंने सेना की परीक्षा की तैयारी की और सफलता हासिल की। ओटीए गया (बिहार) से प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्ति मिली। रविवार को जब लेफ्टिनेंट तपस्या गांव लौट रही थीं, तो राऊपुर के पास बायोफ्यूल प्रोजेक्ट के विरोध में 216 दिन से धरने पर बैठे किसानों ने उनका स्वागत किया।

फूल-मालाओं से हुआ भव्य स्वागत

भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश सचिव गुलजार सिंह बापू के नेतृत्व में किसानों ने पुष्पवर्षा कर और मिठाई खिलाकर बिटिया का हौसला बढ़ाया। इसके बाद गांव डेटा खुर्द पहुंचने पर ग्रामीणों ने लेफ्टिनेंट, उनके दादा सुखबीर सिंह, पिता जयवीर सिंह और मां लोकेश कुमारी का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

इस मौके पर लेफ्टिनेंट तपस्या ने गांव के युवाओं को संदेश दिया कि मेहनत और लगन से पढ़ाई करें, तो बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है। इस अवसर पर धर्मवीर सिंह, राजन सिंह, अरविंद कुमार, ललित कुमार, उमेश कुमार, उधम सिंह, रमन सिंह, कृष्णजीत सिंह, रघुवीर सिंह, देवेंद्र सिंह, जुगेंद्र सिंह, जयमल बाबा, बाबू सिंह, पप्पू सिंह आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- बलिया के प्रियांशु थल सेना में बने लेफ्टिनेंट, बधाई देने वालों का लगा तांता