अलीगढ़-राया मार्ग बनेगा फोरलेन, मांगा प्रस्ताव
अलीगढ़-राया मथुरा मार्ग के लिए एमएलसी डा. मानवेंद्र ने रखी मांग वृंदावन को सीधे जोड़ने वाला यह मार्ग जिले में सबसे महत्वपूर्ण।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : तीर्थनगरी वृंदावन (मथुरा) को जाने वाला अलीगढ़-राया-मथुरा मार्ग जल्द फोरलेन बनेगा। विधान परिषद सचिव ने पीडब्ल्यूडी से प्रस्ताव मांगा है। कितना लंबा मार्ग है और निर्माण में कितनी लागत आ सकती है, इसके बारे में जानकारी मांगी है। इससे संभावना बन रही है कि मार्ग का निर्माण कार्य अब जल्द शुरू हो सकता है। एमएलसी डा. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने प्रमुख सचिव से अलीगढ़-राया-मथुरा मार्ग के फोरलेन के लिए पत्र लिखा था।
अलीगढ़-राया-मथुरा मार्ग सीधे तीर्थनगरी वृंदावन (मथुरा) को जोड़ता है। सासनीगेट से इगलास, राया होते हुए यह मथुरा-वृंदावन को निकल जाता है। इसकी लंबाई करीब 70 किमी है। मगर, मार्ग की चौड़ाई सिर्फ सात मीटर है। तीर्थनगरी के साथ ही यह मार्ग राजस्थान को भी जोड़ता है। मथुरा-वृंदावन, बरसाना, गोवर्धन आदि तीर्थ स्थलों को भी यह मार्ग जाता है, जिससे इसपर हर समय ट्रैफिक का निकलना रहता है। मगर, दो लेन होने के चलते यह अक्सर जाम से जूझता रहता है। इगलास में तो जाम की स्थिति यह रहती है कि लोग घंटों फंसे रहते हैं। उसके अलावा मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त भी है। पटरियां भी टूटी हुई हैं, जिससे इस मार्ग पर वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी रहती है। साथ ही गड्ढों के चलते दिक्कत का सामना करना पड़ता है। इसको देखते हुए एमएलसी डा. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने सचिव विधान परिषद को पत्र लिखा था। डा. मानवेंद्र ने बताया कि सचिव की तरफ से पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता को पत्र भेजा गया है, जिसमें मार्ग के बारे में पूरी जानकारी मांगी गई है।