विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अलीगढ़ में साइबर ठगी, टेलीग्राम पर मुनाफा कमाने का लालच देकर महिला से ठगे 1.89 लाख रुपये

Published: Thu, 10 Sep 2026 04:57 AM (IST)

अलीगढ़ में एक महिला से टेलीग्राम पर ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर 1.89 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. टेलीग्राम पर ट्रेडिंग मुनाफे का लालच देकर महिला से ठगे 1.89 लाख।

  2. पीड़िता ने साइबर हेल्पलाइन 1930 और क्वार्सी थाने में शिकायत दर्ज कराई।

  3. पुलिस से टेलीग्राम, यूपीआई खातों की जांच कर आरोपितों की पहचान की मांग।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। टेलीग्राम के जरिए ट्रेडिंग में मुनाफा कमाने का झांसा देकर महिला से 1.89 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगी की आशंका होने पर पीड़िता ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के साथ क्वार्सी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता ने पुलिस से टेलीग्राम अकाउंट, यूपीआइ और बैंक खातों की जांच कर आरोपितों की पहचान करने तथा रकम रिकवर कराने की मांग की है।

धौर्रा माफी की चांद वाली गली निवासी निखत नसीम के मुताबिक, वह टेलीग्राम के माध्यम से एक व्यक्ति के संपर्क में आई थीं। उस व्यक्ति ने खुद को ट्रेडिंग से संबंधित बताया और ट्रेडिंग सिग्नल व कापी ट्रेडिंग के जरिए मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया। उसके बताए अनुसार पैसे लगाने पर अच्छा लाभ होने का झांसा दिया गया। आरोप है कि उसके कहने पर निखत नसीम ने अलग-अलग बैंक खातों में यूपीआई के माध्यम से 1,89,000 रुपये ट्रांसफर किए।

बाद में उनसे और रकम जमा करने तथा अलग-अलग भुगतान करने के लिए कहा गया। लगातार पैसे मांगे जाने पर उन्हें संदेह हुआ कि उनके साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी की जा रही है। पीड़िता ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के पास आरोपित से हुई टेलीग्राम चैट, प्रोफाइल, भुगतान की रसीद, ट्रांजेक्शन डिटेल और स्क्रीनशाट समेत अन्य साक्ष्य भी हैं। आरोपित की पूरी पहचान व वास्तविक मोबाइल नंबर की जानकारी उनके पास नहीं है।

वह मुख्य रूप से टेलीग्राम के माध्यम से ही संपर्क करता था। उन्होंने पुलिस से संबंधित टेलीग्राम अकाउंट, यूपीआई डिटेल और बैंक खातों की जांच कर आरोपितों की पहचान करने की मांग की है। इंस्पेक्टर क्वार्सी अरुण कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है।