UP Board Exam Result 2020: हाईस्कूल के अलीगढ़ टॉपर शोभित बोले, खुद पर भरोसा था... एक दिन डॉक्टर भी बनूंगा
खुद पर भरोसा था। परिणाम देखकर खुश हूं। उम्मीद नहीं थी कि जिला या प्रदेश में टॉप करूंगा। लेकिन सफर अभी लंबा है। एक दिन डॉक्टर भी बनकर दिखाऊंगा।
अलीगढ़ [जेएनएन ]: जब पढ़ाई की बात आती है तो मेरी नींद उड़ जाती है। सामान्य दिन हों या परीक्षा चल रही हों, आठ से 10 घंटे पढ़ना आदत बन गई है। खुद पर भरोसा था। परिणाम देखकर खुश हूं। उम्मीद नहीं थी कि जिला या प्रदेश में टॉप करूंगा। लेकिन, सफर अभी लंबा है। एक दिन डॉक्टर भी बनकर दिखाऊंगा। ये कहना है हाईस्कूल में जिला टॉप करने वाले एसजेपी अग्रवाल स्मारक इंटर कॉलेज (विजयगढ़) के छात्र शोभित वर्मा का
टुकड़ों में 10 घंटे पढ़ाई
मूलरूप से शाहजहांपुर के गांव ग्राम गढ़िया सरेली निवासी शोभित के पिता ओमकार वर्मा किसान हैं, जबकि चाचा महेश कुमार विजयगढ़ में शिक्षक हैं। बचपन से ही पढ़ाई में रुचि थी तो शोभित वर्ष 2009 में चाचा के पास चले आए। एक ही स्कूल में दसवीं तक पढ़ाई की। चाचा कहते हैं कि शोभित पढ़ाई में हमेशा अव्वल रहा है। लग्नशील है तो कभी उसे कहने की जरूरत नहीं पढ़ी। दैनिक जागरण से बातचीत में शोभित ने कहा कि क्रिकेट, बैडमिंटन खेलना अच्छा लगता है।
सफलता पर खुश हूं
रोज खेल के लिए वक्त जरूर निकालता हूं। पढ़ाई को लेकर समझौता नहीं करता। टुकड़ों में एक-दो घंटे के हिसाब से करीब 10 घंटे पढ़ाई कर लेता हूं। पांच-छह घंटे ही सोता हूं। सफलता पर खुश हूं। शोभित डॉक्टर बनना चाहते हैं। कहते हैं कि एमबीबीएस करूंगा। पैसे कमाना लक्ष्य नहीं है। लोगों के काम आना है। लॉकडाउन में भी शोभित ने बायोलॉजी पढ़ने पर ध्यान दिया। इंटरनेट के माध्यम से नोट्स भी बनाए। शोभित की इस सफलता पर मां शकुंतला वर्मा ने भी खुशी जाहिर की है।