अलीगढ़ में 4 एकड़ जमीन पर बनेगा एडवेंचर पार्क, मेयर प्रशांत सिंघल ने की घोषणा
अलीगढ़ में मथुरा रोड पर जल्द ही 4 एकड़ में एडवेंचर पार्क बनेगा, जिसकी घोषणा मेयर प्रशांत सिंघल ने 'मेयर विद नेक्स्ट जेन' कार्यक्रम में की।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
मथुरा रोड पर 4 एकड़ में बनेगा एडवेंचर पार्क।
मेयर प्रशांत सिंघल ने 'नेक्स्ट जेन' कार्यक्रम में की घोषणा।
पार्क में वॉल क्लाइंबिंग, किड्स जोन जैसी सुविधाएं होंगी।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। शहरवासियों को जल्द ही मथुरा रोड पर एडवेंचर पार्क की सुविधा भी मिलने वाली है। इसके लिए जगह भी चिह्नित कर ली गई है। यह घोषणा सोमवार को ‘मेयर विद नेक्स्ट जेन’ कार्यक्रम के दौरान मेयर प्रशांत सिंघल ने युवा शक्ति के सामने की।
सराय लवरिया स्थित अपने कैंप कार्यालय पर उन्होंने डिग्री कॉलेजों व मेडिकल इंस्टीट्यूट के छात्र-छात्राओं के साथ संवाद किया। नेक्स्ट जनरेशन यानी युवाओं से शहरी विकास, नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने पर विचार लिए। इसमें आठ शिक्षण संस्थानों के लगभग 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।

मथुरा रोड पर स्थापित कचरा निस्तारण केंद्र की कई एकड़ में जमीन फैली हुई है। मेयर ने बताया कि यहां लगभग चार एकड़ जमीन पर एडवेंचर पार्क की स्थापना पीपीपी मोड में की जाएगी। यहां वाल क्लाइंबिंग, रोप कोर्स एंड क्लाइंबिंग, किड्स जोन, ट्री-टॉप क्लाइंबिंग, फूड जोन आदि कई सुविधाएं शहरवासियों के लिए उपलब्ध होंगी।
यह एडवेंचर पार्क शहर में नया पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि शहर में युवाओं को नशा मुक्त बनाने की मुहिम भी नगर निगम चलाएगा। ई-चार्जिंग स्टेशन की सुविधा भी बढ़ाई जाएगी। युवाओं की ओर से सुझाव रखा गया कि मेरा वार्ड मेरी जिम्मेदारी की मुहिम चलाई जाए। इसके तहत हर वार्ड में एक समिति बनाई जाए। इसमें स्थानीय निवासी व विद्यार्थी होंगे।
वे अपने क्षेत्र में गंदगी, स्ट्रीट लाइट, सड़क, पेयजल संबंधी समस्याओं पर नजर रखेंगे। नगर निगम के साथ मिलकर उनका समाधान कराएं। छात्रा मेधांशी ने कहा कि महिला सुरक्षा को मजबूत करने के लिए शहर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाए। मेयर ने इस सुझावों का स्वागत किया।
इस संवाद कार्यक्रम में गगन कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी, डीएस डिग्री कॉलेज, एसवी डिग्री कॉलेज, टीआर डिग्री कॉलेज, आईआईएमटी, आईटीएम, साईं मेडिकल कॉलेज, विवेकानंद कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के छात्र-छात्राओं ने नगरीय सुविधाओं को बेहतर बनाने के नए-नए विचार साझा किए। कार्यक्रम के दौरान मेयर की पत्नी पूजा सिंघल, छोट भाई निशांत की पत्नी मेघा सिंघल व शिक्षक-शिक्षिकाएं आदि मौजूद रहे।
क्यूआर कोड लगाए जाएं
नेक्स्ट जनरेशन से सुझाव आया कि कूड़ा प्वाइंट जो खत्म हो रहे हैं, वहां नगर निगम के क्यूआर कोड लगाए जाएं। कोई इन प्वाइंट पर गंदगी फैलाए तो नागरिक क्यूआर कोड स्कैन कर संबंधित नंबर पर फोटो के साथ शिकायत अपलोड कर सकते हैं। जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जानकारी युवाओं को मिले इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर क्यूआर कोड लगाने का विचार भी रखा गया।
इनको स्कैन कर स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में मालूम पड़ सकेगा। इसी तरह पौधारोपण करने के दौरान वहां उस पौधे की जानकारी संबंधी क्यूआर काेड लगे तो शैक्षिक नजरिए से उसकी जानकारी हर विद्यार्थी कहीं भी कभी भी कर सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।