मिठाई की दुकान से घरेलू गैस सिलिंडर जब्त, आपूर्ति विभाग की छापेमार कार्रवाई में खुला खेल
अलीगढ़ में आपूर्ति विभाग ने राहुल मिष्ठान भंडार के गोदाम पर छापा मारकर व्यावसायिक उपयोग के लिए रखे 11 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किए।

HighLights
अलीगढ़ में मिठाई की दुकान पर घरेलू गैस सिलिंडर जब्त।
आपूर्ति विभाग ने 11 घरेलू सिलिंडर व्यावसायिक उपयोग में पाए।
मिठाई विक्रेता के खिलाफ गैस कंट्रोल एक्ट के तहत कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। रसोई गैस का व्यावसायिक इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ आपूर्ति विभाग ने शनिवार को कार्रवाई की। सासनी गेट क्षेत्र के घंटर चौक स्थित राहुल मिष्ठान भंडार के गोदाम पर छापेमारी कर 11 घरेलू गैस सिलिंडर बरामद किए। इनमें पांच सिलिंडर भट्टियों में लगे थे जबकि छह गोदाम में रखे थे।
टीम ने सिलिंडरों को जब्त कर संबंधित गैस एजेंसियों को सौंप दिया है। मिठाई विक्रेता के खिलाफ सासनी गेट थाने में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
आपूर्ति विभाग की टीम ने शनिवार दोपहर 12 बजे घंटर चौक स्थित मिठाई के गोदाम पर छापा मारा। पूर्ति निरीक्षक कृष्णवीर सिंह, अजय व अंजुल के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जांच शुरू की तो गोदाम में पांच भट्टियां घरेलू एलपीजी सिलिंडरों से संचालित मिलीं। इसके अलावा छह घरेलू सिलिंडर अलग रखे हुए थे। पूछताछ में वहां काम कर रहे कारीगरों ने गोदाम को राहुल मिष्ठान भंडार का बताया।
सूचना पर पहुंचे संचालक राहुल वार्ष्णेय से टीम ने सिलिंडरों से संबंधित अभिलेख मांगे, लेकिन वह प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में बरामद सभी 11 सिलेंडर घरेलू उपयोग के पाए गए।
इनमें भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन (बीपीसी) व इंडियन आयल कार्पोरेशन (आईओसी) के सिलेंडर शामिल थे। अधिकारियों ने इसे नियमों का उल्लंघन बताया। टीम ने गैस कंट्रोल एक्ट-2000 के तहत कार्रवाई की है।
शहर में चल रही है किल्लत
शहर में इन दिनों घरेलू गैस सिलिंडरों की किल्लत चल रही है। उपभोक्ताओं को एक सिलिंडर की बुकिंग के बाद अगले सिलिंडर के लिए इंतजार करना पड़ता है।
ऐसे में घरेलू उपयोग के सिलिंडरों का व्यावसायिक इस्तेमाल सामने आने से आपूर्ति व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। विभाग का दावा है कि निरंतर शहर में जांच की जा रही है। त्योहार पर बढ़ते प्रयोग को देखते हुए छापेमारी तेज की गई है।
