अलीगढ़ में दर्दनाक हादसा, ड्यूटी ज्वाइन करने जा रहे दारोगा को कूड़ा उठाने वाले ट्रैक्टर ने मारी टक्कर; मृत्यु
अलीगढ़ में ड्यूटी ज्वाइन करने जा रहे दारोगा वृषपाल सिंह यादव की सड़क हादसे में मृत्यु हो गई। सासनी गेट ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। तबादला होने पर ड्यूटी ज्वाइन करने जा रहे दारोगा की हादसे में मृत्यु हो गई। शहर में कूड़ा उठाने के कार्य में लगे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिर गए।
हेलमेट लगाने के चलते सिर में तो चोट नहीं लगी, लेकिन गुम चोट ऐसी लगी कि वह उठ नहीं पाए। गंभीर हालत में शेखर सर्राफ मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। वह मूल रूप से मैनपुरी के थे।
पोस्टमार्टम के बाद एसएसपी नीरज कुमार जादौन व अन्य अधिकारियों ने पुलिस लाइन में पार्थिव देय को कंधा दिया और पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मैनपुरी जिले के भवानीगढ़ कथौली, थाना रामनगर निवासी उप निरीक्षक 55 वर्षीय वृषपाल सिंह यादव अतरौली थाने में तैनात थे।
तीन अप्रैल को उनका तबादला थाना लोधा के लिए किया गया था। सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे वह बाइक से घरेलू सामान लेकर अतरौली से रवाना हुए। सासनी गेट क्षेत्र में किसी परिचित से मिलने गए। वहां से मथुरा रोड होते हुए बाइपास से लोधा जा रहे थे।
सासनी गेट चौराहे के पास पीछे से आ रहे कूड़ा उठाने वाली अर्बन एनवायोटेक सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के सब-कान्ट्रैक्टर के ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें गंभीर हालत में शेखर सर्राफ मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया।
उनकी रिश्तेदार वंदना ने बताया कि वृषपाल उनके चचिया ससुर थे। परिवार में पत्नी सीमा देवी के अलावा दो पुत्र राहुल और आदर्श है। राहुल निजी कालेज में शिक्षक हैं, जबकि आदर्श भारतीय वायुसेना में अग्निवीर के रूप में तैनात हैं।
पोस्टमार्टम के बाद मृतक वृषपाल सिंह का पार्थिव शरीर पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर लाया गया। एसएसपी ने पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात प्रवीण कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम मयंक पाठक, क्षेत्राधिकारी प्रज्ञान और अन्य अधिकारी मौजूद थे। सेरिमोनियल गार्ड ने शोक सलामी दी।
ट्रैक्टर व चालक की तलाश
घटना को अंजाम देने के बाद ट्रैक्टर चालक मौका पाकर भाग निकला। राहगीरों से पहले पता चला कि ट्रैक्टर नगर निगम से जुड़ा है। इसके बाद पुलिस ने नगर निगम ने संपर्क साधा।
तब जाकर पता चला कि अर्बन एनवायोटेक सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के सब-कान्ट्रैक्टर का ट्रैक्टर व चालक है। इंस्पेक्टर सासनीगेट राजीव सिंह परमार के अनुसार सीसीटीवी भी चेक किए। चालक की तलाश की जा रही है। अभी इस मामले में मुकदमा पंजीकृत नहीं हुआ है।
