विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छत पर सोये थे मां और बेटा, सुबह उठे तो आंखों के आगे छा गया अंधेरा; अलीगढ़ में सांप के डसने से दोनों की मौत

By Rahul Varshney Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 20 Jul 2026 08:10 PM (GMT+05:30)

अलीगढ़ के बिलौना गांव में छत पर सो रहे मां-बेटे को सांप ने डस लिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। नामकरण संस्कार के दिन हुई इस घटना से परिवार में खुशियां मातम में बदल गईं।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। गांव बिलौना में सांप के डसने से मां-बेटे की मौत हो गई। रात में दोनों छत पर बिस्तर लगाकर सोए थे। सुबह जागने पर पहले बेटे ने आंखों के सामने अंधेरा होना बताया। मां ने भी अपने शरीर में कुछ ऐसी ही हलचल बताई। बिस्तर हटाया तो उसके नीचे सांप निकला। स्वजन दोनों को अलीगढ़ मेडिकल कालेज ले गए, जहां बेटे को मृत घोषित कर दिया।

कुछ देर इलाज के बाद मां की भी सांसें थम गईं। सर्प ने मां को जांघ और बेटे को पैर में काटा। रविवार को इस घर में सात दिन पहले पैदा हुए शिशु का नामकरण संस्कार हुआ था। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया है।

थाना गंगीरी क्षेत्र के गांव बिलौना निवासी छोटेलाल खेतीबाड़ी करते हैं। उनकी पत्नी के सात दिन पहले बेटा पैदा हुआ था। रविवार को नामकरण संस्कार था। कार्यक्रम के बाद देर रात 35 वर्षीय छोटेलाल और उनकी 60 वर्षीय मां सोनकली घर की छत पर बिस्तर बिछा कर सो गए। रात में किसी समय सर्प आया और दोनों को डस लिया।

सुबह करीब चार बजे आई बरसात के दौरान छोटेलाल उठे तो उनके सामने अंधेरा छा गया। उन्हें कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। यह बात उन्होंने मां को बताई। मां सोनकली ने भी अपने शरीर में कुछ ही हलचल बताई और बिस्तर हटाया तो उसके नीचे उन्हें सर्प दिखा। तभी मां ने कहा बेटा तुझे सांप ने काट लिया और शायद मुझे भी काट लिया है।

इसके बाद घर में चीख-पुकार मची तो ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। स्वजन व ग्रामीण दोनों मां-बेटे को अलीगढ़ जेएन मेडिकल कालेज ले गए। जहां डाक्टरों ने छोटेलाल को मृत घोषित कर दिया। कुछ देर उपचार के दौरान उनकी मां सोनकली को भी मृत घोषित कर दिया। मेडिकल में मां-बेटे की मृत्यु की सूचना पर गांव में कोहराम मच गया।

स्वजन मेडिकल कालेज से दोनों के शवों को गांव ले आए। उसके बाद गांव पहुंची थाना गंगीरी पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा। छोटेलाल की पत्नी पर एक बेटी और सात दिन का एक बेटा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।