जेवर एयरपोर्ट के पास बनेगी नई इंडस्ट्रियल सिटी, किसानों को सर्किल रेट से 4 गुना तक मिल सकती है जमीन की कीमत
अलीगढ़ विकास प्राधिकरण जेवर एयरपोर्ट के पास राजपुर औद्योगिक सिटी के लिए भूमि अधिग्रहण में तेजी ला रहा है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
राजपुर औद्योगिक सिटी के लिए भूमि अधिग्रहण में तेजी।
103 किसानों ने 350 एकड़ भूमि के लिए सहमति दी।
80% भूमि लैंड पूलिंग से, 20% आपसी सहमति से।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नजदीक प्रस्तावित राजपुर औद्योगिक सिटी के लिए अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) ने जमीन जुटाने की कवायद तेज कर दी है।
परियोजना के लिए 80 प्रतिशत भूमि लैंड पूलिंग से और 20 प्रतिशत भूमि आपसी सहमति से खरीदने की तैयारी है। एडीए की टीम गांवों में पहुंचकर किसानों से सहमति लेने में जुटी है। अब तक 103 किसानों से सहमति ली जा चुकी है। इससे करीब 350 एकड़ भूमि परियोजना में शामिल होने की स्थिति में है।
खैर तहसील क्षेत्र के राजपुर, नरायनपुर व सोफा गांवों की जमीन परियोजना के लिए प्रस्तावित है। फिलहाल एडीए का जोर किसानों से बातचीत कर लैंड पूलिंग और भूमि खरीद के लिए सहमति लेने पर है। शेष किसानों से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है।
करीब 300 किसानों से मौखिक सहमति लेने की प्रक्रिया भी चल रही है। इसके बाद लिखित सहमति और भूमि जुटाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत 80 प्रतिशत जमीन लैंड पूलिंग के जरिये जुटाई जाएगी। इसके बाद बची 20 प्रतिशत भूमि किसानों से आपसी सहमति के आधार पर खरीदी जाएगी।
भूमि खरीद में सर्किल रेट के चार गुना तक कीमत दिए जाने की संभावना है। ऐसे में एडीए की कोशिश किसानों को परियोजना की पूरी प्रक्रिया समझाकर अधिक से अधिक सहमति हासिल करने की है।
अब तक 103 किसानों से मिली सहमति के बाद करीब 350 एकड़ भूमि परियोजना में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ी है। इसके अलावा अन्य किसानों से बातचीत जारी है। एडीए की टीम क्षेत्र में लगातार सक्रिय है, ताकि जमीन जुटाने की प्रक्रिया को गति दी जा सके।
3396 एकड़ में प्रस्तावित है औद्योगिक सिटी
राजपुर औद्योगिक सिटी के लिए कुल 1358 हेक्टेयर यानी लगभग 3396 एकड़ भूमि प्रस्तावित की गई थी। इसमें राजपुर की करीब 1160 हेक्टेयर, नरायनपुर की 55 हेक्टेयर और सोफा की 143 हेक्टेयर भूमि शामिल बताई गई थी। परियोजना पर करीब चार हजार करोड़ रुपये खर्च होने और एडीए को सात हजार करोड़ रुपये से अधिक आय होने का अनुमान है।
जेवर एयरपोर्ट से करीब 30 किलोमीटर की दूरी पर प्रस्तावित यह औद्योगिक सिटी अलीगढ़ के औद्योगिक विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण है। अब तक जमीन जुटाने की प्रक्रिया कागजी स्तर से आगे बढ़कर किसानों की सहमति तक पहुंच गई है।
यह भी पढ़ें- अलीगढ़ को मिलेगा तीसरा स्टेट हाईवे: इगलास से संभल तक SH-184 को मिली मंजूरी
राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने साधा संपर्क
परियोजना के लिए जमीन जुटाने की कवायद शुरू होते ही निवेशकों की दिलचस्पी भी सामने आने लगी है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने भूमि खरीदने के लिए एडीए से संपर्क करना शुरू कर दिया है। इससे औद्योगिक सिटी के विकसित होने के बाद निवेश आने की उम्मीद बढ़ी है।
इस औद्योगिक सिटी परियोजना एडीए की महत्वाकांक्षी योजना है। इसके लिए फिलहाल जमीन जुटाने का काम चल रहा है। अधिकतर भूमि लैंड पूलिंग में ली जा रही है।
कुलदीप मीना, उपाध्यक्ष, एडीए
