अलीगढ़ में PET परीक्षा आज से शुरू: 1.14 लाख अभ्यर्थी देंगे इम्तिहान; प्रत्येक केंद्र पर जोनल मजिस्ट्रेट तैनात
अलीगढ़ में 25, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को पीईटी परीक्षा 39 केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें 1.14 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे।
-1792856558854_m.webp)
HighLights
अलीगढ़ में पीईटी परीक्षा 39 केंद्रों पर आज से शुरू।
कुल 1.14 लाख अभ्यर्थी दो पालियों में परीक्षा देंगे।
नकल रोकने हेतु मजिस्ट्रेट तैनात, अतिरिक्त बसें-ट्रेनें उपलब्ध।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को होगी। 39 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक दिन दो पालियों में होने वाली परीक्षा में एक लाख 14 हजार 624 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर, स्टेटिक व जोनल मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे।
प्रथम पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक होगी। दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में 19 हजार 104 अभ्यर्थी हैं। यानी प्रत्येक दिन 38 हजार 208 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने से केंद्रों पर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखना महत्वपूर्ण होगा। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को आयोग की ओर से आयोजित विभिन्न समूह-ग के पदों की भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलता है। परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों के बीच उत्साह है।
जिला मजिस्ट्रेट ने दिए सख्त निर्देश
शनिवार को कलक्ट्रेट में बैठक कर जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार ने परीक्षा की पवित्रता एवं शुचिता बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, नकल अथवा अनुचित गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एडीएम सिटी संगीता देवी ने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट अपने दायित्वों का पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें।
ये बनाए गए केंद्र
अल बरकात पब्लिक स्कूल, आयशा तारीन माडर्न पब्लिक स्कूल, ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल, चंपा अग्रवाल कन्या इंटर कॉलेज, चिरंजीलाल बालिका इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, धर्म समाज महाविद्यालय, धर्म समाज बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, धर्म समाज इंटर कॉलेज, गगन पब्लिक स्कूल सिंघल धर्म कांटा, गगन पब्लिक स्कूल खैर बाइपास रोड, गोपीराम पालीवाल इंटर कॉलेज, राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज, हीरालाल बारहसैनी इंटर कॉलेज, हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल, जनता इंटर कॉलेज छेरत, के एंड एसआरएमबी इंटर कॉलेज, लगसमा इंटर कॉलेज, महर्षि विद्या मंदिर निकट समृद्धि टाउनशिप, नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज, नवाब सिंह चौहान ग्रामोद्योग इंटर कॉलेज, नीहार मीरा नेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रेडिएंट स्टार्स इंग्लिश स्कूल, रघुवीर बाल मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रघुवीर सहाय इंटर कॉलेज, रतन प्रेम डीएवी बालिका इंटर कॉलेज, एसएमबी इंटर कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, शांतिनिकेतन वर्ल्ड स्कूल, श्री वार्ष्णेय महाविद्यालय, श्री लक्ष्मी राज इंटर कॉलेज गभाना, श्री महेश्वर गर्ल्स इंटर कॉलेज, श्री शिवदान सिंह इंटर कॉलेज, श्री उदय सिंह जैन गर्ल्स इंटर कॉलेज, श्री टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज, श्री टीकाराम कन्या महाविद्यालय, स्वामी कृष्णानंद इंटर कॉलेज, थ्री डाट सेवा मार्ग पब्लिक स्कूल और विश्व भारती पब्लिक स्कूल शामिल हैं।
चार स्पेशल ट्रेनें और 100 अतिरिक्त बसें, कर्मियों की छुट्टियां निरस्त
परीक्षा को लेकर रेलवे गाजियाबाद से कानपुर की ओर चार ट्रेनें चला रहा है। भीड़ अधिक होने पर संबंधित स्टेशन से अतिरिक्त ट्रेन चलाने को कहा गया है। परिवहन निगम ने 100 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की है। सभी कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई है।
हाथरस और अतरौली डिपो से अतिरिक्त 100 बसों की व्यवस्था करने को कहा गया है। सभी लोकल रूट व बहुत लंबे रूटों की बसों को गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, कासगंज, एटा जाने वाले अभ्यर्थियों के लिए लगाने को कहा गया है।
जैसे ही अतिरिक्त बसों की आवश्यकता पड़ेगी, उनके लिए आसपास के डिपो से व्यवस्था कर की जाएगी। क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि कर्मचारियों की ड्यूटी बस स्टेशन व कार्यशाला में भी लगाई गई है।
यह भी पढ़ें- परीक्षा की शुचिता, सुरक्षा और सुचारु संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता, अभ्यर्थियों की सुविधा में न हो कोई कोताही: सीएम योगी
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में PET परीक्षा के लिए 52 केंद्रों पर सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती, 23208 अभ्यर्थी देंगे एग्जाम
