Our Teachers: परिषदीय स्कूलों में बोर्ड पर अंकित होगा शिक्षकों का ब्यौरा
Our Teachers Board सरकारी स्कूलों में अक्टूबर से नई व्यवस्था देखने को मिलेगी। स्कूल के मुख्य गेट पर गुरुजनों के नाम व फोटो युक्त बोर्ड लगाए जाएंगे। बोर्ड पर शिक्षक का नाम फोटो योग्यता विषय आदि जानकारियां दर्शाई जाएंगी।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता: Our Teachers Board कक्षा एक से आठवीं तक के सरकारी स्कूलों में अब अक्टूबर से नई व्यवस्था देखने को मिलेगी। स्कूल के मुख्य गेट (Main Gate of Schools) पर गुरुजनों के नाम व फोटो युक्त बोर्ड लगाए जाएंगे। अगर अधिकारी स्कूल में निरीक्षण के लिए पहुंचे और गुरुजनों के विवरण वाला बोर्ड न दिखा तो प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई होगी। इस बोर्ड पर शिक्षक का नाम, फोटो, योग्यता, विषय आदि जानकारियां दर्शाई जाएंगी।
नई व्यवस्था के तहत लगाए जाने वाले बोर्ड की लागत को स्कूल मैनजमेंट कमेटी (School Management Committee) के खाते से वहन किया जाएगा। एक बोर्ड पर अधिकतम छह शिक्षकों का विवरण दर्शाया जाएगा। अगर इससे ज्यादा शिक्षक हैं तो दूसरे बोर्ड को उपयोग में लाया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अब नहीं हो सकेगा झोल
शिक्षा या प्रशासनिक अधिकारी जब विद्यालय में निरीक्षण के लिए जाएंगे तो उनके सामने हर शिक्षक का ब्योरा बोर्ड पर होगा। शिक्षकों के विषय भी बोर्ड पर अंकित होंगे। अगर कोई शिक्षक सेवानिवृत्त होते हैं तो बोर्ड को भी अपडेट किया जाएगा।
15 से 20 दिनों में हर विद्यालय में लग जाएंगे बोर्ड
बीएसए सतेंद्र कुमार ढाका ने बताया कि शासन की ओर से यह व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी खंड शिक्षाधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराया जा रहा है। उनकी जिम्मेदारी होगी कि हर ब्लाक के सभी विद्यालयों में शिक्षकों के विवरण संबंधी बोर्ड लगवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। 15 से 20 दिनों में ये काम हर विद्यालय में किया जाना है। इसकी ब्लाकवार रिपोर्ट भी ली जाएगी।
बोर्ड पर यह विवरण होगा अंकित
कक्षा एक से आठवीं तक के सरकारी स्कूलों के मुख्य गेट पर गुरुजनों के नाम व फोटो युक्त बोर्ड लगाए जाएंगे। इस बोर्ड पर शिक्षक का नाम, फोटो, योग्यता, विषय आदि जानकारियां दर्शाई जाएंगी। अगर अधिकारी स्कूल में निरीक्षण के लिए पहुंचे और गुरुजनों के विवरण वाला बोर्ड न दिखा तो प्रधानाध्यापक पर कार्रवाई होगी।