हाउस या वाटर टैक्स है अगर बकाया, OTS का ले सकते हैं लाभ; एक महीने के लिए बढ़ गई योजना
अलीगढ़ नगर निगम ने बकाया संपत्ति कर के लिए एकमुश्त समाधान योजना की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब शहरवासी ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। नगर निगम के बकाया संपत्ति कर का भुगतान बिना ब्याज के जमा करने का अवसर एक बार फिर शहरवासियों को मिल गया है। पहले 14 नवंबर तक इस योजना में आवेदन करने की अंतिम तिथि थी। अब शासन ने इसको बढ़ाकर 14 दिसंबर 2026 तक कर दिया है। योजना के तहत प्राप्त आवेदनों का निस्तारण 15 जनवरी 2027 तक किया जाएगा।
पहले निस्तारण की तिथि 15 दिसंबर तक निर्धारित थी। अब शहरी जनता के पास इस योजना का लाभ उठाने का अंतिम मौका आ गया है। मेयर प्रशांत सिंघल व नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने शहरवासियों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की। नगर आयुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि आम नागरिकों को राहत प्रदान करने के साथ नगर निकायों के राजस्व संग्रह को बढ़ावा दिया जाए।
इस उद्देश्य से एकमुश्त समाधान योजना के तहत भवन, जल, सीवर कर व जलमूल्य के बकायेदारों को राहत देते हुए अवधि बढ़ाई गई है। नगर आयुक्त ने बताया कि उत्तरप्रदेश शासन द्वारा जनहित को ध्यान रखते हुए एक महीना अतिरिक्त देने का निर्णय किया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं संपत्ति कर विभाग के कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि योजना का प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
जिससे अधिक से अधिक बकायेदारों को योजना की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों का निर्धारित समय-सीमा में नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। योजना की बाकी शर्तें व प्रतिबंध पूर्ववत ही रहेंगे। मेयर प्रशांत सिंघल ने कहा कि शासन ने ये अंतिम मौका शहरवासियों को दिया है। जो लोग अभी तक इसका लाभ लेने से वंचित रह गए हों, वो तत्काल आवेदन करें व योजना का लाभ उठाएं।