AMU प्रशासन ने मानी Gen Z की मांग, छात्र संघ चुनाव का ऐलान; प्रॉक्टर भी बदले गए
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में 20 दिन से चल रहे छात्र आंदोलन के बाद प्रशासन ने छात्रों की मांगें मान ली ...और पढ़ें

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर 20 दिन से चल रहे धरने के बाद गुरुवार देर रात छात्रों और कुलपति के बीच हुई बैठक में सहमति बन गई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने Gen Z की दोनों प्रमुख मांगें मान ली हैं। प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नावेद खान को हटाकर राजनीति विज्ञान विभाग के प्रो. मोहम्मद नफीस अहमद अंसारी को नया प्रॉक्टर नियुक्त किया गया है।
वहीं, छात्रसंघ चुनाव का कार्यक्रम भी घोषित कर दिया गया है। इसके तहत पांच नवंबर को मतदान होगा और उसी दिन शाम सात बजे से मतगणना शुरू होगी। विश्वविद्यालय के कुलसचिव कार्यालय की ओर से नौ अक्टूबर को जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार, कुलपति प्रो. नईमा खातून ने विश्वविद्यालय अधिनियम के तहत प्राप्त अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए प्रो. नफीस अहमद अंसारी को दो वर्ष या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रॉक्टर नियुक्त किया है।
वह प्रो. मोहम्मद नावेद खान का स्थान लेंगे। नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। प्रो. अंसारी राजनीति विज्ञान विभाग में कार्यरत हैं और नई जिम्मेदारी के साथ अपने मौजूदा दायित्व भी निभाएंगे।
26 अक्टूबर से चुनाव प्रक्रिया
मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. जावेद तालिब की ओर से जारी छात्रसंघ चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, 26 अक्टूबर को सुबह 10 बजे संबंधित संकायों में मतदाता सूची प्रदर्शित की जाएगी। 27 अक्टूबर को दोपहर दो बजे तक सूची में संशोधन के लिए आवेदन किए जा सकेंगे। इसी दिन शाम चार बजे अंतिम मतदाता सूची जारी होगी।
29 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक एएमयू छात्रसंघ कार्यालय में नामांकन पत्र जमा होंगे। उसी दिन शाम चार बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 30 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसी दिन शाम चार बजे वैध प्रत्याशियों की सूची जारी होगी।
31 अक्टूबर को सुबह 10 बजे प्रत्याशियों को क्रमांक आवंटित किए जाएंगे और शाम चार बजे क्रमांक सहित अंतिम सूची जारी होगी। तीन नवंबर को दोपहर दो बजे से यूनियन हाल की छत से अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के भाषण होंगे।
पांच नवंबर को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक संबंधित संकायों में मतदान होगा। दोपहर एक से दो बजे तक भोजनावकाश रहेगा। इसी दिन शाम सात बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना स्थल की घोषणा बाद में की जाएगी।
छात्रसंघ चुनाव और प्रॉक्टर को हटाने की मांग को लेकर छात्र पिछले 20 दिनों से धरना दे रहे थे। गुरुवार देर रात कुलपति के साथ बैठक में सहमति बनने के बाद आंदोलन समाप्त होने का रास्ता साफ हो गया है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा से परिसर में छात्रसंघ की बहाली को लेकर लंबे समय से जारी गतिरोध खत्म होने की उम्मीद है।
