Aligarh Municipal Corporation : पेयजल व्यवस्था को प्रभावी बनाने के आदेश भूले अफसर
शहर में पेयजल व्यवस्था को प्रभावी बनाने के आदेश संबंधित विभाग के अधिकारी दो दिन में ही भूल गए। आदेश के अगले दिन 15 हैंडपंप ठीक कराने का दावा किया गया था। तीन ड्रेनेज पंप ठीक होने की बात भी कही गई।
अलीगढ़, जेएनएन। शहर में पेयजल व्यवस्था को प्रभावी बनाने के आदेश संबंधित विभाग के अधिकारी दो दिन में ही भूल गए। आदेश के अगले दिन 15 हैंडपंप ठीक कराने का दावा किया गया था। तीन ड्रेनेज पंप ठीक होने की बात भी कही गई। इसके बाद इस दिशा में कोई काम नहीं हुआ। ये शिकायतें पेयजल संकट से जूझ रहे इलाकों के लोग कर रहे हैं। डोरी नगर की महिलाएं तो मेयर अावास तक पहुंच गईं। बताया कि निगम अधिकारी झूठे दावे करते हैं। भदेशी रोड स्थित कुंवर विक्रांत कालोनी में भी पेयजल संकट छाया हुआ है। एक ही हैंडपंप के भरोसे पूरी आबादी है। ये हैंडपंप भी पिछले दिनों से खराब है। हालातों को भांपते हुए नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह ने जीएम जल अनवर ख्वाजा को स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं के निस्तारण के निदेश दिए हैं।
नगर आयुक्त के निर्देश के बाद जलकल विभाग की टीम ने पेयजल आपूर्ति को प्रभावी बनाने की कवायद शुरू कर दी थी। छह जून शुरू हुए अभियान के पहले दिन अलग-अलग इलाकों में 15 हैंडपंप ठीक कराने के दावे किए। बताया कि जाकिर नगर, नगला मसानी, मौलाना आजाद नगर, मदीना मस्जिद, नौरंगाबाद पुलिस चौकी के पीछे, नगला आशिक अली, इस्लाम नग, शक्ति नगर आदि क्षेत्रों में हैंडपंप ठीक किए गए। तस्वीर महल, रावणटीला चौराहा, सुरेंद्र नगर, नई बस्ती में चार स्थानों पर लीकेज ठीक कराया। तीन जगह चोक सीवर लाइन खोली गईं। छर्रा अड्डा, ईदगाह व नगला कलार ड्रेनेज पंप की मरम्मत कराई गई। लेकिन, अगले ही दिन अभियान का दम निकल गया। जगह-जगह से पेयजल संकट को लेकर शिकायतें आने लगीं। अब नगर आयुक्त ने जीएम जल को फिर आदेश जारी किए हैं। विभागीय अधिकारी, कर्मचारियों के नंबर भी जारी किए गए हैं।
इनसे करें संपर्क
जीएम जल अनवर ख्वाजा (9105053405), सहायक अभियंता जल लक्ष्मण सिंह (9456210426), अवर अभियंता जल हेमेंद्र गौतम (6396570824), सीवर प्रभारी मुबाशिर आदिल (9105053449), वशिष्ठ मौर्य (9997451666), दिव्यांशु (7906958525), चंदन सिंह 8126663444), कंट्रोल रूम (7500441344), अहसान रब (9568001883) से संपर्क किया जा सकता है।