मां...आलू के परांठे खाने का मन है, कहकर घर से निकल गए दो मासूम भाई; नोएडा में मिले
खैर (अलीगढ़) से आलू के परांठे खाने की फरमाइश कर घर से निकले दो मासूम भाई 36 घंटे बाद नोएडा ...और पढ़ें

बच्चों की तलाश के लिए डॉग स्क्वायड का सहारा लेती पुलिस।
अनिल गोविल, खैर (अलीगढ़)। मां से आलू के परांठे बनाने की फरमाइश करने के कुछ देर बाद दो मासूम भाई घर से निकल गए। मां रसोई में पराठे बनाने में व्यस्त थीं। तलाश के बाद कहीं पता न लगा तो मुकदमा पंजीकृत कराया गया। 36 घंटे से अधिक समय तक परिवार की बेचैनी और पुलिस की तलाश जारी रही।
सोमवार देर शाम दोनों बच्चों के नोएडा में अपनी बुआ के घर पहुंचने की जानकारी मिली। बच्चों को लेने के लिए पुलिस टीम नोएडा रवाना हो गई। कस्बे के पुरानी तहसील स्थित मुस्लिम मोहल्ला निवासी जितेंद्र कुमार रंगाई-पुताई का काम करते हैं। उनकी पत्नी शिवानी कोल्ड स्टोर में मजदूरी करती हैं। 31 अक्टूबर की सुबह करीब साढ़े नौ बजे उनके बेटे नौ वर्षीय शिवम और सात वर्षीय कृष्णा घर से चले गए थे।
काफी देर तक बच्चों के वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के संभावित स्थानों पर उनकी तलाश की। हर संभव जगह पूछताछ के बाद भी दोनों का पता नहीं चला तो माता-पिता ने पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बच्चों की तलाश के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की थीं। आसपास के क्षेत्रों में डाग स्क्वाड की मदद से सघन जांच कराई गई।
कस्बे में लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई, ताकि बच्चों के घर से निकलने के बाद उनके जाने की दिशा का पता लगाया जा सके।सोमवार देर शाम पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों बच्चे नोएडा में अपनी बुआ के घर पहुंच गए हैं।