करन चौधरी को शहीद का दर्जा देने की मांग, अलीगढ़ में परिजनों ने शव लेने से किया इन्कार
अलीगढ़ में सेना के जवान करन चौधरी का पार्थिव शरीर घर पहुंचा, जहां छह दिन बाद उनकी शादी होनी थी। ...और पढ़ें

सेना के जवान करन चौधरी की पार्थिव देह को घेरे खड़े गांव के लोग।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। जिस घर में छह दिन बाद शहनाइयां गूंजनी थीं, वहां मंगलवार शाम चीख-पुकार मची थी। बेटे को दुल्हे के रूप में देखने का इंतजार कर रहे माता-पिता के सामने उसी बेटे का पार्थिव शरीर पहुंचा तो हर आंख नम हो गई। शाम करीब सात बजे सेना के वाहन से नायक करन चौधरी उर्फ सौरभ का पार्थिव शरीर अतरौली क्षेत्र के गांव सिरसा स्थित उनके घर लाया गया।
मथुरा से आए सेना के अधिकारी भी साथ थे। अधिकारियों ने स्वजन को कुछ दस्तावेज सौंपे। उनमें दर्ज जानकारी के बारे में परिजनों ने पूछताछ की तो अधिकारियों ने बताया कि करन मृत पाए गए थे। इस पर स्वजन ने शहीद का दर्जा देने की मांग उठाई और शव लेने से इन्कार कर दिया।
मामले की जानकारी पर एमएलसी ऋषिपाल सिंह भी मौके पर पहुंच गए। वह परिजनों और सेना के अधिकारियों से वार्ता कर रहे हैं। उधर, सेना के अधिकारी रक्षा मंत्रालय से भी संपर्क कर रहे हैं। देर शाम तक बातचीत जारी थी। गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित जुटे रहे। सभी को जवान के अंतिम दर्शन और आगे की स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार था। करन की शादी 24 नवंबर को अतरौली के एक मैरिज हाॅल में होनी तय थी।
रिश्ता पालीमुकीमपुर क्षेत्र के गांव भाऊपुर में तय हुआ था। 22 नवंबर को गांव सिरसा में भेंट का कार्यक्रम रखा गया था। करीब सात महीने पहले दोनों परिवारों की सहमति से रिश्ता पक्का हुआ था। शादी के आधे से अधिक निमंत्रण कार्ड बांटे जा चुके थे। परिवार रिश्तेदारों और परिचितों को आमंत्रित करने में जुटा था।
किसी ने नहीं सोचा था कि खुशियों की इन तैयारियों के बीच ऐसा दिन भी आएगा। करन करीब आठ महीने पहले घर आए थे। पिता पप्पू सिंह से शनिवार को फोन पर आखिरी बार बात हुई थी। उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों का हालचाल पूछा था और 17 नवंबर को गांव लौटने की बात कही थी। बचपन के मित्र विवेक से भी उन्होंने फोन पर बातचीत की थी और शादी में आने का विशेष निमंत्रण दिया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।