तीन यात्रियों के गुम हुए 6.5 लाख रुपये के जेवर और आईफोन, अलीगढ़ जीआरपी ने लौटाए
कैफियत और फरक्का एक्सप्रेस में सफर कर रहे तीन यात्रियों के 6.5 लाख रुपये के आईफोन और जेवरात गुम हो गए थे। अलीगढ़ जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यात्रियों का सारा सामान ढूंढकर उन्हें वापस लौटा दिया।

यात्री को सामान लौटाते जीआरपी कर्मी।
HighLights
तीन यात्रियों के 6.5 लाख रुपये के सामान गुम हुए।
कैफियत और फरक्का एक्सप्रेस में हुई थी यह घटना।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। दो अलग-अलग ट्रेनों में सफर कर रहे तीन यात्रियों के आईफोन और जेवरात सहित 6.5 लाख रुपये के सामान बुधवार को गुम हो गए थे। मिलने पर जीआरपी ने यात्रियों को लौटा दिया है। इसमें दो लाख रुपये का आईफोन भी शामिल हैं। ये यात्री कैफियत और फरक्का एक्सप्रेस से सफर कर रहे थे।
जिला आजमगढ़ के थाना अहरौला के गांव सुखीपुर के रमाकांत मौर्य कैफियत एक्सप्रेस के कोच नंबर बी-5 थर्ड एसी सीट नंबर 31 पर इटावा आ रहेे थे। वे इटावा उतर गए थे। इस बीच उनका बैग गुम हो गया था। बैग में सोने और चांदी के आभूषण रखे थे। उन्होंने हेल्पलाइन नंबर से सूचना दी। ट्रेन में तैनात जीआरपी के हेडकांस्टेबल सोवरन सिंह व आशीष यादव ने यात्री का बैग तलाशा।
बैग मिलने पर यात्री रमाकांत मौर्य को फोन पर सूचना देकर वापस कर दिया। बैग में एक जोड़ी चांदी की पायल, एक कमर कर्दनी, एक टीका सोने का, एक नथनी, कपड़े व जरूरी कागजात सहित तीन लाख रुपये का सामान था।
दूसरी घटना में जिला इटावा के थाना व मुहल्ला सिविल लाइन के दीपांशु अग्रवाल ने जीआरपी को सूचना दी कि इटावा के प्रोफेसर कालोनी निवासी उनकी सास अनीता कैफियत एक्सप्रेस कोच नंबर ए-टू सेकंड एसी में शाहगंज से इटावा जा रही थीं। उनका हैंडबैग ट्रेन में गुम हो गया था। इसमें मोबाइल और आभूषण रखे थे।
एक जोड़ी सोने की ईयर रिंग व एक सोने की नोज पिन, एक सोनाटा कंपनी की हाथ की घड़ी व अन्य सामान की कीमत 1.5 लाख रुपये बताई गई है। इस सूचना पर जीआरपी के हेड कांस्टेबल आशीष यादव और सोवरन सिंह ने गुम हुए बैग को तलाशने के बाद सूचना देने वाले दीपांशु अग्रवाल के सिपुर्द कर दिया।
तीसरी घटना में हरियाणा के जिला जींद के रानी तालाब मुहल्ला रानी तालाब के प्रेमचंद्र फरक्का एक्सप्रेस से लखनऊ जा रहे थे। इस दौरान उनका मोबाइल आईफोन 17, जिसकी कीमत दो लाख रुपये थी, खो गया था। सूचना पर हेडकांस्टेबल राजकुमार और नीतेश कुमार ने मोबाइल को खोजने के बाद यात्री के सिपुर्द कर दिया।
जीआरपी इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार द्विवेदी ने बताया कि ट्रेनों में अपराध रोकने के लिए लगातार अभियान चल रहा है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए यात्रियों का सामान मिलने पर उन्हें लौटा दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।