विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अलीगढ़ में दुस्साहसिक हमला, अदालत में गवाही से रोकने को चलाईं ताबड़तोड़ गोलियां, थार पर सामने से किए सात फायर; बुलटप्रूफ से बची जान

By Kiran Pal Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 07 Mar 2026 11:46 PM (IST)

अलीगढ़ में सोनू चौधरी हत्याकांड के गवाह देवेंद्र चौधरी पर जानलेवा हमला हुआ। हमलावरों ने उनकी थार गाड़ी पर सात ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

संवाद सूत्र, जागरण हरदुआगंज (अलीगढ़)। कौड़ियागंज भटटा से शुक्रवार रात घर लौट रहे गांव कोंडरा निवासी देवेंद्र चौधरी की थार गाड़ी पर बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ सात गालियां दागीं, जिसमें दो गाेली देवेंद्र चौधरी के सीने में लगी थीं, गाड़ी चला रहा राहुल गाेली लगने से जख्मी हो गया।

वहीं बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर बैठे होने से देवेंद्र की जान बची। इस मामले में पिछले साल सोनू चौधरी हत्या मामले में पैरवी से रोकने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाते हुए देवेंद्र के भतीजे प्रशांत ने पांच ज्ञात व दो अज्ञातों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।

प्रशांत चौधरी ने बताया कि गतवर्ष 25 जुलाई को साेनू चौधरी की गांव के निकट गोली मारकर हत्या कर दी थी। सोनू के प्रापर्टी पार्टनर कोंडरा के ही दिनेश पुत्र राधेश्याम व टाइगर गैंग के सरगना हेमू चौधरी पुत्र नृपेंद्र ने सुपारी देकर शिवा पुत्र मोहन निवासी तालसपुर कलां थाना महुआखेड़ा, संजू पुत्र सुरेश चंद्र निवासी गजू राया हाथरस के द्वारा हत्या कराई थी।

हेमू, दिनेश, शिवा संजू जेल में निरूद्व हैं। जबकि हत्या में वांछित हेमू का भाई पुष्पेंद्र चौधरी, रंजीत चौधरी, निक्की ठाकुर निवासी हरदुआ देहात फरार चल रहे हैं। चार्जशीट दाखिल हो चुकी है। आरोपित सोनू हत्याकांड की पैरवी कर रहे बड़े भाई देवेंद्र चौधरी को लगातार धमकी देते आ रहे हैं।

प्रशांत के मुताबिक शुक्रवार की शाम को देवेंद्र चौधरी साथी राहुल पुत्र मनोज निवासी किढारा और विकास पुत्र अमर सिंह बिरोला थाना खैर के साथ थार गाड़ी से कौडियागंज भट्टे पर ईंट देखने गए थे। जो हरदुआगंज रजवाहा की पटरी के रास्ते घर लौट रहे थे, गाड़ी राहुल चला रहा था।

रात करीब आठ बजे जलाली चौकी क्षेत्र की महमूदपुर पुलिया के निकट पहुंचे। जहां सुनसान जगह पर एक बाइक पर दो लोग खड़े मिले। हार्न बजाते हुए गाड़ी की गति धीमी की उसी वक्त पीछे से दो अन्य बाइक सवार आए और जान से मारने की नियत से गाड़ी के सामने से ताबड़तोड़ गोली चलाने लगे।

हमलावरों ने गाड़ी पर सामने से सात गोलियां दागीं, राहुल के बाएं बाजू में गोली लगने से वह घायल हो गया। जबकि दो गाेली देवेंद्र के सीने में लगीं जो बुलेटप्रूफ जैकेट में फंस गई। फील्ड यूनिट ने बुलेटप्रूफ जैकेट को जांच में शामिल किया है। राहुल द्वारा हिम्मत दिखाते हुए मौके से गाड़ी दौड़ाकर भागने से तीनों की जान बच सकी।

घायल राहुल को लेकर क्वार्सी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया जिसका उपचार जारी है। प्रशांत के मुताबिक गाली चलाने वाले पुष्पेंद्र चौधरी व विशाल पुत्र राजू निवासी कोंडरा को देवेंद्र और राहुल ने उन्हें स्पष्ट पहचाना है। इस हमले में हेमू, दिनेश, शिवा, संजू, पुष्पेंद्र, विशाल और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

हत्याकांड की पैरवी करने पर पहले भी मिली थी धमकी


प्रशांत ने बताया कि उसके ताऊ देवेंद्र चौधरी व राहुल सोनू हत्याकांड में मुख्य गवाह हैं। जिसमें देवेंद्र के कोर्ट में बताया हो चुके हैं। जबकि राहुल की नौ मार्च को गवाही होनी है। आरोप है कि जेल में निरूद्ध हेमू व दिनेश सोनू हत्याकांड की पैरवी करने पर देवेंद्र चौधरी को जेल से धमकियां दिलवा रहे थे।

12 जनवरी को चार अज्ञातों ने गांव के मोड़ पर देवेंद्र को रोककर धमकी दी थी। इस मामले में 28 फरवरी को पुष्पेंद्र, हेमू, दिनेश, संजू, शिवा व चार अज्ञातों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराया था। देवेंद्र ने फरार हमलावर व हत्यारोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग की है।

मामले में सीओ अतरौली राजीव द्विवेदी ने बताया कि रिपोर्ट कर ली गई है, घटना स्थल के साक्ष्य, सीसीटीवी, मेडीकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।