अलीगढ़ में 16 जनवरी तक लाइसेंसी हथियारों के प्रदर्शन पर रोक, डीएम अविनाश कुमार का आदेश जारी
अलीगढ़ में डीएम अविनाश कुमार ने 16 जनवरी 2027 तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू की है। यह आदेश त्योहारों, धार्मिक आयोजनों और परीक्षाओं के मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जारी किया गया है, जिसमें लाइसेंसी हथियारों के प्रदर्शन और अफवाह फैलाने पर रोक है।
-1795330094759_m.webp)
अलीगढ़ के डीएम हैं अवनीश कुमार।
HighLights
अलीगढ़ में धारा 163 लागू, 16 जनवरी 2027 तक प्रभावी।
शादी समारोहों में लाइसेंसी हथियारों के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध।
अफवाह फैलाने, भड़काऊ गतिविधियों पर भी सख्त कार्रवाई होगी।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। त्योहारों, धार्मिक आयोजनों व प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में 16 जनवरी 2027 तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू कर दी गई है। डीएम अविनाश कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसके तहत शादी समारोहों में लाइसेंसी हथियारों का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।
डीएम ने आदेश जारी कर कहा है कि अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्टर-बैनर लगाने व सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने वाली गतिविधियों पर भी रोक रहेगी।
24 नवंबर को गुरु नानक जयंती व कार्तिक पूर्णिमा, 16 दिसंबर को गरीब नवाज का उर्स, 23 दिसंबर को चौधरी चरण सिंह जयंती, 25 दिसंबर को क्रिसमस, एक जनवरी को नववर्ष व 14 जनवरी को मकर संक्रांति के अलावा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
लाइसेंसी हथियारों के इस्तेमाल पर रोक
आदेश के अनुसार मैरिज होम और बैंक्वेट हाल संचालक शादी में लाइसेंसी हथियारों के इस्तेमाल पर रोक सुनिश्चित करेंगे। उल्लंघन होने पर पुलिस को सूचना देनी होगी। सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से भ्रामक खबरें फैलाने, धार्मिक भावनाएं भड़काने, आपत्तिजनक नारे लगाने और पुतला दहन जैसी गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा।
अफवाह फैलाने व भड़काऊ गतिविधियों पर भी प्रतिबंध, उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई
डीएम ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों और भवनों की छतों पर ईंट-पत्थर, कांच की बोतलें व ज्वलनशील पदार्थ जमा नहीं किए जा सकेंगे। परीक्षा केंद्रों पर हथियार और विस्फोटक सामग्री ले जाने पर रोक रहेगी। रेलवे स्टेशन, शमशाद मार्केट, जमालपुर और मालगोदाम क्षेत्र में रात के समय पांच या अधिक लोगों के अनावश्यक जमावड़े पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।