अलीगढ़ की बदलने जा रही है तस्वीर, 100 करोड़ से होगा बड़े पैमाने पर काम, 11 चौराहों-तिराहे का होगा सुंदरीकरण
अलीगढ़ विकास प्राधिकरण ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट को मंजूरी दी है। इसमें 302 करोड़ रुपये की आय ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) की बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के आय-व्यय बजट को मंजूरी दे दी गई। आगामी वित्तीय वर्ष में 302 करोड़ रुपये की आय का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि 157 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
बजट में सबसे अधिक 100 करोड़ रुपये विकास शुल्क व शमन शुल्क से प्राप्त होने का अनुमान है। वहीं खर्च के मद में भी अवस्थापना के रूप में 100 करोड़ रुपये शहर के विकास कार्यों पर खर्च किए जाएंगे। इस राशि से शहर में सड़कों व नालों का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही 11 प्रमुख चौराहों व तिराहों का सुंदरीकरण किया जाएगा।
इसके अलावा शहर के पांच प्रमुख प्रवेश द्वारों पर आकर्षक गेट बनाए जाएंगे। इससे शहर की पहचान और बेहतर होगी। अवस्थापना निधि के तहत रामघाट रोड से बौनैर को जोड़ने वाली ओजोन-सांगवान बाइपास का चौड़ीकरण भी प्रस्तावित है। खास बात यह है कि यहां सड़क के साथ नाले के ऊपर से भी वाहन संचालित किए जा सकेंगे।
यह शहर के मिनी बाइपास के रूप में संचालित होगा। इसके अलावा एडीए को विभिन्न योजनाओं से कुल 947 करोड़ रुपये की आय होने की उम्मीद है। इसमें ग्रेटर अलीगढ़ योजना से 600 करोड़, औद्योगिक योजना से 200 करोड़, टीपी नगर से 50 करोड़, बरौला जाफराबाद से 25 करोड़ व अन्य परिसंपत्तियों से 11 करोड़ रुपये शामिल हैं।
वहीं, खर्च की बात करें तो एडीए द्वारा कुल 1030 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें ग्रेटर अलीगढ़ योजना पर 550 करोड़, औद्योगिक योजना पर 380 करोड़, टीपी नगर पर 50 करोड़, अफोर्डेबल हाउसिंग पर 20 करोड़ व कालोनियों के विकास पर 10 करोड़ रुपये खर्च प्रस्तावित हैं।
एडीए के इस बजट से शहर में आधारभूत ढांचे के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। शहर में सड़क-नाले के निर्माण के साथ ही पार्कों का भी सुंदरीकरण शामिल है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।