अलीगढ़ में चलती कार में कारोबारी को आया हार्ट अटैक, खंभे से टकराकर हुई मौत
अलीगढ़ में दुकान से घर लौट रहे 46 वर्षीय कारोबारी संदीप वार्ष्णेय को चलती कार में कार्डियक अरेस्ट आ गया। ...और पढ़ें

हार्ट अटैक आने के बाद व्यापारी की दुर्घटनाग्रस्त कार।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। दुकान बंद कर घर लौट रहे 46 वर्षीय कारोबारी संदीप वार्ष्णेय को बुधवार शाम चलती कार में अचानक कार्डियक अरेस्ट हो गया। दिल की धड़कन रुकते ही वह कार पर नियंत्रण खो बैठे। कार नुमाइश मैदान के मित्तल गेट के पास जेल रोड पुल से पहले लगे सेतु निगम के खंभे में जा घुसी। हादसे में कार के एयरबैग तक खुल गए।
आसपास के लोग उन्हें पास में ही गुप्ता नर्सिंग होम लेकर गए, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। भाई दूज पर हुई घटना पूरे परिवार को झकझोर दिया। जेल रोड मिलन विहार निवासी संदीप वार्ष्णेय की मसूदाबाद बस स्टैंड के सामने सुनील बैटरी सर्विस के नाम से दुकान है। बुधवार शाम करीब 5:25 बजे वह दुकान बंद कर अपनी कार से आवास लौट रहे थे।
नुमाइश मैदान के मित्तल गेट के सामने अचानक उनकी कार अनियंत्रित होकर 50 मीटर दूर जेल रोड पुल से पहले लगे खंभे में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के एयर बैग भी खुल गए। हादसे का कारण अचानक कार्डियक अरेस्ट आना बताया गया है। गुप्ता नर्सिंग होम के संचालक डा. दिनेश गुप्ता ने बताया कि संदीप को सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की थी, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद स्वजन उन्हें वरुण ट्रामा भी ले गए। स्वजन के मुताबिक, संदीप को पहले कभी दिल संबंधी कोई परेशानी नहीं थी। बन्नादेवी इंस्पेक्टर हरिभान सिंह ने बताया कि अचानक कार पोल से टकराई थी। इसके बाद कारोबारी का निधन हो गया। स्वजन ने इस संबंध में कुछ भी लिखकर नहीं दिया। न ही पोस्टमार्टम कराया।
पांच साल में मां-बाप के निधन के बाद तीसरा झटका
संदीप के परिवार में पत्नी कनक वाष्णेय, एक बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी ओशीन अधिवक्ता हैं। पांच साल पहले उनकी मां मधु वार्ष्णेय और तीन साल पहले उनके पिता सतीश वार्ष्णेय की तीन साले निधन हुआ था। स्वजन के लिए यह एक और बड़ा दुखद हादसा है ।
भाई दूज पर पूरा परिवार था पैतृक घर पर
मिलन विहार में संदीप का पुश्तैनी मकान है। पार्क व्यू में उनका फ्लैट है। भाई दूज के चलते पूरा परिवार पुश्तैनी मकान में था। शाम को दुकान बंद कर वह घर ही लौट रहे थे। घर से कुछ ही दूरी पर हुई इस घटना ने त्योहार की खुशियों को भी मातम में बदल दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।