अलीगढ़ में अवैध रूप से रह रहे 100 बांग्लादेशी पुलिस के रडार पर, एटीएस भी जांच में जुटी
अलीगढ़ में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के नेटवर्क की जांच का दायरा बढ़ा है, जिसमें करीब 100 संदिग्ध पुलिस के रडार पर हैं।

फोटो- जागरण ग्राफिक्स।
HighLights
अमीना बेगम की गिरफ्तारी से 100 संदिग्ध बांग्लादेशी रडार पर।
अवैध बांग्लादेशी नेटवर्क की जांच में एटीएस भी शामिल हुई।
फर्जी पहचान पत्र बनाने के तरीकों की गहन पड़ताल जारी।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। जिले में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के नेटवर्क की जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। 1992 में बिना पासपोर्ट और वीजा के भारत आई अमीना बेगम से पूछताछ के बाद पुलिस के सामने करीब 100 संदिग्धों के नाम और जानकारियां आई हैं।
ये लोग अलीगढ़ के अलावा आसपास के जिलों में भी रह रहे हैं। इनकी पहचान और भूमिका की पड़ताल के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) भी जांच में जुट गया है। पुलिस अब संदिग्धों के आपसी संपर्क, रिश्तेदारियों और भारतीय पहचान पत्र बनवाने के तरीकों की कड़ियां जोड़ रही है।
रोरावर पुलिस ने मंगलवार को मथुरा रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास से अमीना बेगम (56) को पकड़ा था। वह मूल रूप से बांग्लादेश के गया बांदा जिले की रहने वाली है और हड्डी गोदाम चौराहे के पास झुग्गी में रह रही थी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अमीना ने बताया कि वह वर्ष 1992 में पति और परिवार के साथ बिना पासपोर्ट-वीजा भारत आई थी।
उसके पास मिले दो मोबाइल फोन में एयरटेल के सिम लगे थे। महिला ने फर्जी नाम-पते पर सिम लेने की बात भी स्वीकार की थी। इसके बाद स्वजन को पकड़ा। कुल 12 लोगों को पकड़ा गया था।
इनमें अमीना के अलावा मोहम्मद शरीफ उल (23), शाहरुख (18), सलमान (18), शहनाज (28), हैदर अली (45), रूक्साना (35) और उवेश (22) के नाम सामने आए हैं। चार नाबालिगों को आगरा स्थित बाल सुधार गृह भेजा गया है। आरोपितों के पास से पांच मोबाइल फोन, 10 आधार कार्ड, दो पैन कार्ड और एक वोटर पहचान पत्र समेत कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
चार घंटे की पूछताछ में सामने आए कई नाम
सीओ कमलेश कुमार के अनुसार, अमीना बेगम से करीब चार घंटे तक पूछताछ की गई थी। इसी दौरान उसके संपर्क में रहने वाले कई अन्य लोगों के नाम सामने आए। पुलिस अब इन लोगों की लोकेशन और उनके आपसी संबंधों का पता लगा रही है। कुछ की पहचान कर ली गई है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पूछताछ में यह भी पता चला है कि नेटवर्क से जुड़े कुछ लोग आसपास के जिलों में शादी करने के बाद परिवार के साथ रह रहे हैं।
पहचान पत्र कैसे बने, इसकी भी जांच
पुलिस अब बरामद आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर पहचान पत्रों की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि इन दस्तावेजों को बनवाने के लिए सबसे पहले कौन सा प्रमाण लगाया गया और किसने इन्हें तैयार कराने में मदद की। दस्तावेजों के निर्माण से लेकर उनके इस्तेमाल तक की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।
एटीएस भी इस मामले में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का लक्ष्य इस नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों की पहचान करना है। करीब 100 लोगों तक जानकारी जुटाने के बाद उनकी भूमिका और भारत में रहने की वैधता की जांच की जाएगी। इसके बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
बांग्लादेशी मां और भारतीय पिता की चार संतानें
बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ हुई कार्रवाई में चार लोगों की कहानी बाकी पकड़े गए लोगों से अलग निकली। ये चारों भारत में जन्मे थे। जांच में सामने आया कि इनमें एक परिवार में मां बांग्लादेशी मूल की हैं, जबकि पिता भारतीय नागरिक हैं। नागरिकता से जुड़े दस्तावेजों और जन्मतिथि की जांच के बाद पुलिस ने चारों को छोड़ दिया है। हालांकि, उन्हें पुलिस की निगरानी में रखा गया है।
सीओ कमलेश कुमार के अनुसार, बुधवार को पकड़े गए लोगों के साथ कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। जांच में इनकी जन्मतिथि और माता-पिता की नागरिकता से संबंधित जानकारी जुटाई गई। इसमें चार लोगों के भारतीय नागरिक होने से जुड़े तथ्य सामने आए।
सीओ ने बताया कि नागरिकता के निर्धारण में जन्मतिथि महत्वपूर्ण है। वर्ष 2004 से पहले भारत में जन्मे व्यक्ति के मामले में माता-पिता में से किसी एक के भारतीय नागरिक होने की स्थिति में नागरिकता का प्रावधान लागू हो सकता है। वहीं, 2004 के बाद जन्मे लोगों के मामले में अलग शर्तें हैं।
इसी आधार पर पुलिस ने संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की। इन चार लोगों को छोड़ने का मतलब यह नहीं है कि पुलिस ने पूरे मामले की जांच बंद कर दी है। उनकी निगरानी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बांग्लादेशी नागरिकों के नेटवर्क और उनके भारतीय पहचान पत्र बनवाने के तरीकों की जांच अलग से जारी है।
आगरा में बेटी की शादी, पांच रुपये देकर पार की थी सीमा
अमीना बेगम के रिश्तेदारों का नेटवर्क अलीगढ़ के अलावा आगरा, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और गुरुग्राम तक फैला होने की जानकारी सामने आई है। पूछताछ में अमीना ने बताया कि उसकी एक बेटी हजराबानो की शादी आगरा के बाह क्षेत्र में हुई है, जबकि दूसरी बेटी सितारा को 12 सितंबर 2025 को पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में सीमा पार करते समय पकड़ा गया था।
उसके खिलाफ कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में यह भी सामने आया कि अमीना और उसका परिवार करीब 34 साल पहले महज पांच रुपये देकर बांग्लादेश से भारतीय सीमा पार कर आया था। इसके बाद परिवार ने अलीगढ़ में अपना ठिकाना बना लिया और धीरे-धीरे रिश्तेदारों का कुनबा भी यहां बसता गया। पुलिस अब आगरा, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और गुरुग्राम तक फैले संपर्कों की पड़ताल कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।