अलीगढ़: दुकान से काॅपी-पेन लेकर निकली नौ साल की बच्ची पर गिरा छत का मलबा, मौत
अलीगढ़ के अतरौली में एक दर्दनाक हादसे में नौ साल की बच्ची वर्षा की मौत हो गई। दुकान से कॉपी-पेन ...और पढ़ें

मृतक बच्ची वर्षा का फाइल फोटो इनसेट में।
संवाद सूत्र, अतरौली (अलीगढ़)। कोतवाली क्षेत्र के गांव जिरौली धूमसिंह में गुरुवार शाम दर्दनाक हादसे में नौ साल की बच्ची की जान चली गई। दुकान से काॅपी-पेन लेकर निकली बच्ची के सिर पर बगल की दुकान की छत का मलबा आ गिरा। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।
गांव निवासी योगेश कुमार की नौ वर्षीय बेटी वर्षा गांव के ही एक निजी स्कूल में कक्षा दो की छात्रा थी। वह चार बहनों में तीसरे नंबर पर थी। इन दिनों गांव में सड़क चौड़ीकरण के चलते नाले का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए सड़क किनारे बनी दुकानों के बाहरी हिस्से को तोड़कर पीछे किया जा रहा है। इसी क्रम में एक भवन स्वामी की ओर से भी दुकानों को निर्धारित सीमा के भीतर करने के लिए तोड़फोड़ कराई जा रही थी।
गुरुवार शाम वर्षा गांव में ही एक बुक सेलर की दुकान पर काॅपी-पेन लेने गई थी। सामान लेकर जैसे ही वह दुकान से बाहर निकली, तभी बगल की दुकान के ऊपर से छत का मलबा उसके सिर पर आ गिरा। अचानक हुए हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे आनन-फानन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एक पल में उजड़ गई परिवार की खुशियां
वर्षा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस बच्ची को परिजन कापी-पेन लेने भेजकर घर लौटने का इंतजार कर रहे थे, उसकी मौत की खबर ने सभी को झकझोर दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिरौली चौकी प्रभारी रवेंद्र सिंह चाहर ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।