बिजेंद्र के बाद अब अश्वनी भी हुए साइकिल पर सवार, कांग्रेस को कहा बाय-बाय Aligarh news
कांग्रेस पार्टी जिले में लगातार अपना जनाधार खो रही है। विधानसभा चुनाव से पहले ही पार्टी के पुराने व वरिष्ठ नेता किनारा करने लगे हैं और दूसरी पार्टियों का दामन थाम रहे हैं। पूर्व सांसद चौधरी बिजेंद्र सिंह पहले ही सपा में शामिल हो चुके हैं।
अलीगढ़, जेएनएन : कांग्रेस पार्टी जिले में लगातार अपना जनाधार खो रही है। विधानसभा चुनाव से पहले ही पार्टी के पुराने व वरिष्ठ नेता किनारा करने लगे हैं और दूसरी पार्टियों का दामन थाम रहे हैं।
शनिवार को थापा सपा का दामन
पूर्व सांसद चौधरी बिजेंद्र सिंह पहले ही सपा में शामिल हो चुके हैं। अब दूसरा झटका अश्वनी शर्मा के रूप में लगा है। उन्होंने भी कांग्रेस पार्टी को बाय-बाय करते हुए 'हाथ' का साथ छोड़कर शनिवार को सपा का झंडा थामते हुए साइकिल की सवारी कर ली। शर्मा ने अपने तमाम समर्थकों के साथ सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एवं पूर्व सांसद चौधरी बिजेंद्र सिंह की मौजूदगी में लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। अश्वनी शर्मा लंबे समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहकर कई पदों पर भी काम कर चुके हैं। चौधरी बिजेंद्र सिंह के कांग्रेस छोड़कर चले जाने के बाद से लगातार अटकलें लगाई जा रही थीं कि अश्वनी शर्मा भी सपा में शामिल होंगे। शर्मा को पूर्व सांसद चौधरी बिजेंद्र सिंह खेमे से जुड़ा माना जाता रहा है। उन्होंने कहा कि वे समाजवादी पार्टी की नीतियों व रीतियों से प्रभावित होकर इसमे शामिल हुए हैं और पार्टी हित में जो भी जिम्मेदारी मिलेगी उसे पूरे तन, मन, धन से पूरा करेंगे। चुनाव में पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे।