विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अलीगढ़ में ADA का बड़ा एक्शन, चार अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर; निर्माण ध्वस्त

Published: Wed, 15 Jul 2026 01:48 PM (IST)

अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) ने चंडौस थाना क्षेत्र में बिना स्वीकृत लेआउट विकसित की जा रही चार अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

HighLights

  1. एडीए ने चंडौस क्षेत्र में चार अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की

  2. बिना स्वीकृत लेआउट विकसित हो रही थीं ये कॉलोनियां

  3. सड़कें, नींव और साइट ऑफिस बुलडोजर से ध्वस्त किए गए

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। उपाध्यक्ष कुलदीप मीणा के निर्देश पर प्रवर्तन टीम ने चंडौस थाना क्षेत्र में बिना स्वीकृत लेआउट विकसित की जा रही चार अवैध कालोनियों पर बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान कालोनियों में बनाई गई सड़कें उखाड़ दी गईं। प्लाटों की नींव व चारदीवारी ध्वस्त कर दी गई, जबकि मौके पर बने साइट ऑफिस भी गिरा दिए गए।

एडीए के अनुसार संबंधित प्रापर्टी डीलर बिना प्राधिकरण से लेआउट स्वीकृत कराए कॉलोनियां विकसित कर रहे थे और प्लाटों की बिक्री भी शुरू कर दी गई थी। शिकायत व जांच के बाद प्रवर्तन टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए।

बिना लेआउट स्वीकृति विकसित की जा रही थीं कॉलोनियां

सबसे पहले टीम ने नूरुल्लापुर गांव में गाटा संख्या-149 पर वसीम खान, कन्हैया लाल, गोपाल व मोहम्मद सिद्दीकी द्वारा विकसित की जा रही कॉलोनी को निशाना बनाया। यहां जेसीबी से सड़कें तोड़ी गईं और प्लाटों की तीन-चार फीट ऊंची दीवारें ध्वस्त कर दी गईं। इसके बाद मदरसा वाली गली में मोहसिन व नौशाद की कालोनी पर कार्रवाई की गई।

सड़क, प्लाटों की नींव व साइट ऑफिस तोड़े गए

प्रवर्तन टीम ने नगला पदम स्थित गाटा संख्या-902 पर अभिषेक सिंघल, राजीव कुमार सिंघल, विवेक कुमार शर्मा, कृष्ण कुमार व मनोज अग्रवाल द्वारा विकसित कालोनी को भी ध्वस्त किया। वहीं पिसावा रोड पर बबलू प्रधान की ओर से विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर भी बुलडोजर चलाया गया।

यह भी पढ़ें- संत प्रेमानंद के अनुयायी के घर 2.90 करोड़ की चोरी का खुलासा: किराएदार सहित चार चोर गिरफ्तार, ₹2 C कैश-कार और जेवर बरामद

आगे भी जारी रहेगा अभियान

एडीए सचिव राहुल कश्यप भार्गव ने बताया कि बिना स्वीकृत लेआउट के कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी कॉलोनी में भूखंड खरीदने से पहले उसकी प्राधिकरण से स्वीकृति अवश्य जांच लें। इससे भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस मौके पर अवर अभियंता यासीन, श्यामवीर सिंह, अशोक शर्मा, दयाशंकर व विश्वजीत मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- संभल डीएम अंकित खंडेलवाल ने किया बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, तीन तहसीलों के एसडीएम बदले