346 करोड़ से आएंगे अलीगढ़ के अच्छे दिन, ये होंगे नए काम
नए वित्तीय वर्ष 2019-20 में अच्छे दिन आएंगे। जिला प्रशासन ने 346 करोड़ का बजट तय किया है। यह पिछले साल के मुकाबले दो करोड़ अधिक है।
अलीगढ़ (जेएनएन)। नए वित्तीय वर्ष 2019-20 में अच्छे दिन आएंगे। जिला प्रशासन ने 346 करोड़ का बजट तय किया है। यह पिछले साल के मुकाबले दो करोड़ अधिक है। बजट का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है। स्वीकृति आने पर यहां प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता वाली कमेटी में इस पर मुहर लगेगी।
40 विभाग कराते हैं विकास
जिला योजना के तहत ऐसे प्रस्ताव बनाए जाते हैं, जिसमें जिले का विकास निहित हो। इसलिए इसमें 40 विभागों को लिया गया है। कृषि विभाग, लघु ङ्क्षसचाई, पशुपालन विभाग, महिला, दिव्यांग व समाज कल्याण, प्रादेशिक विकास दल, दुग्ध समितियां, वन विभाग, मनरेगा, डीआरडीए, पर्यटन, समूह, ग्रामोद्योग, ग्राम विकास, पंचायती राज, लोक निर्माण, बाल पुष्टाहार, उद्यान सहित 40 विभाग प्रस्ताव तैयार करेंगे। यहां से विभागीय अफसर नए वित्तीय वर्ष में खर्च होने वाली धनराशि का प्रस्ताव बनाते हैं। इसके बाद जिला पंचायत की बैठक में रखा जाता है। फिर प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता वाली जिला योजना में रखा जाता है। फिर शासन से विभागों को अलग-अलग बजट मिलता है।
344 करोड़ था तय
पिछले साल वित्तीय वर्ष 2018-19 के लिए प्रभारी मंत्री सुरेश राणा की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। इसमें कुल 344 करोड़ के बजट पर मुहर लगी। इसे यहां से शासन को भेज दिया गया। अब नए वित्तीय वर्ष में महज ढाई माह शेष है, लेकिन शासन से अब तक 155 करोड़ की धनराशि मिली है। हालांकि यह वित्तीय वर्ष 2017-18 में मिली 140 करोड़ की धनराशि से अधिक है। अभी फरवरी मार्च में भी करीब 100 करोड़ की धनराशि और मिलने की उम्मीद है। इसमें इस साल यह आंकड़ा ढाई सौ करोड़ से अधिक पहुंच जाएगा, तो सबसे अधिक होगा।
दो करोड़ की बढ़ोत्तरी
अब वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए जिला योजना का बजट बनाया है। सभी विभागों को मिलाकर कुल दो करोड़ की बढ़ोत्तरी कर 346 करोड़ किया गया है। अब शासन की स्वीकृति का इंतजार है। इसके बाद इस पर यहां मुहर लगेगी।
शीघ्र मिलेगी शासन से स्वीकृति
सीडीओ दिनेश चंद्र का कहना है कि वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए जिला योजना का प्रस्तावित बजट तय हो गया है। इस बार कुल 346 करोड़ तय हुआ है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद यहां बैठक कराई जाएगी।