Khelo India : खेलो इंडिया में जिले के 15 निशानेबाज करेंगे दावेदारीAligarh News
खेलो इंडिया टैलेंट आइडेटीफिकेशन मुहिम के तहत ब्लाकस्तर से जिला व प्रदेशस्तर तक कम उम्र से ही शूटिंग खेल की प्रतिभाओं को निखारने की योजना बनाई गई है। इसके जरिए बालक-बालिका निशानेबाजों की खोज जिले में की गई।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। Khelo India Competition in Aligarh:खेलो इंडिया टैलेंट आइडेटीफिकेशन मुहिम के तहत ब्लाकस्तर से जिला व प्रदेशस्तर तक कम उम्र से ही शूटिंग खेल की प्रतिभाओं को निखारने की योजना बनाई गई है। इसके जरिए बालक-बालिका निशानेबाजों की खोज जिले में की गई। इसमें उत्तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ के 15 निशानेबाजों को ट्रायल लेकर चिह्नित किया गया है। अब ये निशानेबाज भारत सरकार के खेलो इंडिया कंपटीशन में शामिल होने के लिए दावेदारी पेश करेंगे। प्रतिभा खोज की जिम्मेदारी यूपी शूटिंग टीम मैनेजर वेद प्रकाश शर्मा को दी गई है।पहली बार इस तरह प्रतिभाओं का चयन कराकर उनको मुफ्त तैयारी कराने की मुहिम चलाई गई है।
खेलो इंडिया टैलेंट सर्च
आयोजन सचिव वेद प्रकाश ने बताया कि खेलो इंडिया टैलेंट सर्च का इस साल का फाइनल सेलेक्शन गेम 15 से 21 नवंबर तक गाजियाबाद में नार्थ इंडिया की एकमात्र अत्याधुनिक शूटिंग रेंज पर होगा। इस प्रतियोगता का नाम प्रथम चौधरी दीपचंद मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप है। यह प्रतियोगिता समाजसेवी चौधरी दीपचंद की स्मृति में पहली बार आयोजित होगी। प्रतियोगिता राष्ट्रीय राइफल संघ के क्वालीफाइड आफीशियल्स की देखरेख में होंगी। जिसमें करीब 1000 चिह्नित निशानेबाज भाग लेंगे। उद्घाटन उत्तरप्रदेश राज्य राइफल संघ के अध्यक्ष श्याम सिंह यादव (सांसद) करेंगे। आयोजन समिति के अध्यक्ष सत्यप्रकाश व आनंद प्रकाश हैं। मुख्य आयोजन सचिव डा. पी कुमार रहेंगे।
जिले से चिह्नित निशानेबाज
दीया वशिष्ठ, तनुश्री तोमर, चित्रांशी शर्मा, रिदम शर्मा, यशाशा शर्मा, अन्वेषा भारद्वाज, अरनी शर्मा, चंद्रय सिंह चौधरी, विजय, मानव शर्मा, कार्तिक सैनी, शुभम अग्रवाल, पुलकित शर्मा, विष्णु कांत सैनी, रितेश शर्मा खेलो इंडिया में चयन की दावेदारी पेश करेंगे।
अत्याधुनिक साइस पर प्रशिक्षण
वेद ने बताया कि 15 नवंबर से प्रतियोगिता होगी, उसके पहले चिह्नित निशानेबाज कावेरी वाटिका स्थित शूटिंग रेंज पर स्विटजर लैंड की साइस मशीन पर प्रैक्टिस कर रहे हैं। इस मशीन की कीमत करीब पांच लाख रुपये है, इसी पर ओलिंपिक की शूटिंग होती है।