सीएम के आगमन को लेकर अफसर सतर्क
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अलीगढ़ के दौरे पर आने वाले हैं। प्रशासनिक तैयारियो
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अलीगढ़ के दौरे पर आने वाले हैं। प्रशासनिक तैयारियों ने इसके संकेत दे दिए हैं। इस बाबत जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री कार्यालय से पत्र भी मिल गया है, परंतु तिथि नहीं बताई गई है। इतना जरूर लिखा गया है कि पंचायत चुनाव के तुरंत बाद भ्रमण प्रस्तावित है। अलीगढ़ इसके लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यहां कासिमपुर पावर हाउस में 660 मेगावाट की परियोजना का शिलान्यास प्रस्तावित है। पूर्व में मुख्यमंत्री इसके लिए आने वाले थे, परंतु पंचायत चुनाव के कारण आना टल गया था।
एडीएम प्रशासन संजय चौहान ने आधा दर्जन से अधिक विभागों को पत्र लिखकर लंबित मामलों को निपटाने को कहा है। उन्होंने कहा है कि 18 नवंबर को मुख्यमंत्री कार्यालय से पत्र आया है। इसमें स्पष्ट है कि पंचायत चुनाव के बाद जिलों का भ्रमण प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री जनोपयोगी योजनाओं के लोकार्पण के साथ व्यक्तिगत लाभपरक योजनाओं कन्या विद्याधन, लैपटॉप, ट्राईसाइकिल, समाजवादी पेंशन आदि के वितरण की समीक्षा के साथ मौके पर हकीकत भी देख सकते हैं।
एडीएम प्रशासन ने महत्वपूर्ण बिंदुओं का जिक्र करते हुए कारगार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। दिए गए बिंदुओं पर संक्षिप्त टिप्पणी (अधिकतम तीन पेज) मुख्यमंत्री के सचिव को ई-मेल करने को कहा गया है।
इन बिंदुओं पर जोर
- कानून-व्यवस्था व सेंशेनल क्राइम पर की गई कार्रवाई।
- किसानों को बिजली, पानी और खाद की आपूर्ति।
- सड़कों की व्यवस्था विशेष रूप से जिला मुख्यालय को चार लेन सड़कों से जोड़ना।
- बिजली आपूर्ति विशेष रूप से ग्रामीण विद्युतीकरण।
- अस्पतालों का रखरखाव व 102/108 सेवा की समीक्षा।
- समाजवादी पेंशन योजना व लोहिया आवास योजना।
............
इनको लिखा पत्र
- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक।
- मुख्य चिकित्सा अधिकारी।
- अधिशासी अभियंता, विद्युत, ग्रामीण।
- अधिशासी अभियंता, सिंचाई।
- अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, प्रांतीय खंड, निर्माण खंड-1।
- जिला विद्यालय निरीक्षक।
- जिला समाज कल्याण अधिकारी।
- जिला विकास अधिकारी।
- जिला कृषि अधिकारी।
- जिला उद्यान अधिकारी।
- महाप्रबंधक, कासिमपुर पावर हाउस।
.........
छुट्टी में भी खुले दफ्तर
अलीगढ़ : विकास भवन सहित कई सरकारी कार्यालय अवकाश के दिन भी बुधवार को खुले। अफसरों ने लंबित कार्यो को निपटाया। अधीनस्थों के साथ बैठक भी की। पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रशांत कुमार सिंह दोपहर 12 बजे अधीनस्थों के साथ विकास भवन पहुंच गए थे। विकलांग कल्याण विभाग का भी प्रभार उन पर हैं, इसलिए दोनों विभागों के कर्मचारियों के साथ लंबित कार्यो पर चर्चा की। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए कलक्ट्रेट में भी छुंट्टी के दिन काम हुआ।