विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 18, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

खेलों का हब बनेगा एएमयू

By Edited By:
Published: Fri, 18 Apr 2014 01:11 AM (IST)

News Article Hero Image

अलीगढ़ : अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) की शिक्षा के साथ अब खेलों का भी डंका देश-दुनिया में नजर आएगा। यहां की खेल सुविधाएं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की होने जा रही हैं। हॉकी, तैराकी, क्रिकेट हो या बैडमिंटन सभी के लिए शानदार सुविधाएं होंगी। यहां का स्वीमिंग पूल भी अब ओलंपिक साइज का बनने जा रहा है।

स्पोर्टस कॉम्पलेक्स

एएमयू में एथलेटिक्स ग्राउंड के पास खाली पड़ी जमीन पर स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निर्माण कराया जा रहा है। यहां का स्वीमिंग पूल ओलंपिक के मानकों वाला होगा। इसकी लंबाई 50 मीटर होगी। एएमयू का पुराना स्वीमिंग पूल 25 मीटर लंबा है। यह अंतर्राष्ट्रीय मानकों पर खरा भी नहीं है। यहीं पर अत्याधुनिक जिम्नेजियम, बास्केट बॉल व वालीबाल का ग्राउंड भी बनाया जाएगा।

छात्राओं के लिए भी

एएमयू की छात्राओं के लिए भी बढि़या खबर है। स्वीमिंग के लिए अब उन्हें हॉस्टल से तीन किमी दूर गेम्स कमेटी के पास स्थित पुराने पूल तक नहीं जाना पड़ेगा। इंतजामिया उनके लिए वूमेंस कॉलेज के पास इंदिरा गांधी हॉल में स्वीमिंग पूल बनवाने जा रही है। यहां 25 मीटर लंबा स्वीमिंग पूल, जिम्नेजियम और मल्टीपर्पज स्पोटर््स हॉल बनाया जा रहा है। छात्राओं को प्रवेश भी वीमेंस कॉलेज की साइड से ही मिलेगा।

साई ने दिया तोहफा

जफर इकबाल जैसे महान हॉकी खिलाड़ी देकर दुनियाभर में ख्याति पाने वाले एएमयू को स्पो‌र्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) ने यहां एक्सटेंशन सेंटर की मान्यता दे दी है। इसके तहत 15 खिलाड़ियों को हॉकी की कोचिंग मिलेगी। साई चयनित खिलाड़ियों को 6000 रुपये सालाना स्कॉलरशिप, किट व पढ़ाई का खर्च देगी। एएमयू में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का एस्ट्रोटर्फ पहले ही बन चुका है।

शूटिंग रेंज भी

एएमयू में शूटिंग रेंज भी बनाई जाएगी। शूटिंग के एक्सपर्ट अरुण नोटियार इसका प्रस्ताव तैयार कर चुके हैं। यह एयर रायफल व एयर पिस्टल की रेंज होगी। इसमें पांच करोड़ खर्च होंगे। इसके साथ ही नया राइडिंग स्टेबल्स, एस्ट्रोटर्फ व क्रिकेट मैदान पर फ्लड लाइट्स लगवाई जाएंगी। एस्ट्रोटर्फ पर फ्लड लाइट्स लगाने के लिए कुलपति ने एक करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।

इनका कहना है

एएमयू में खेल सुविधाओं में जबर्दस्त बदलाव होने जा रहा है। विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी तो अच्छे खिलाड़ी भी निकलेंगे। ओलंपिक साइज का स्वीमिंग पूल हमारी बड़ी उपलब्धि है। हाकी व क्रिकेट मैदान पर फ्लड लाइट्स भी लगवाई जाएंगी।

- प्रो. तारिक मंसूर, सचिव गेम्स कमेटी, एएमयू

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।