यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 28, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आगरा में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के गार्डरों में युवक फंसा, मौत
आइएसबीटी के सामने निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार में बाइक लेकर पहुंचा युवक गर्डरों में फंसा। युवक की बाइक गर्डरों ...और पढ़ें

आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा-दिल्ली हाईवे पर आइएसबीटी के सामने निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर निर्माणदायी कंपनी की लापरवाही जानलेवा बन गई। गफलत में एक बाइक सवार निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर बाइक लेकर चला गया। अंडर पास के स्थान पर अभी गर्डर रखे हैं। बाइक सवार तेज रफ्तार में गर्डर पर जा गिरा। इसके बाद बाइक नीचे गिर पड़ी और युवक गर्डर पर ही फंस गया। करीब आधा घंटे तक वह गर्डर पर ही फंसा रहा। इसके बाद पुलिस ने मजदूरों की मदद से उसे वहां से निकाला। युवक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना रविवार शाम साढ़े छह बजे की है। एक बाइक सवार युवक गुरुद्वारा गुरु का ताल की ओर से खंदारी की ओर जा रहा था। आइएसबीटी के सामने फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा है। इसकी रोड बनकर तैयार हो गई हैं। अंडर पास के स्थान पर अभी गर्डर रखे हैं। गुरुद्वारा गुरु का ताल की ओर से आने वाली लेन पर फ्लाईओवर की शुरुआत में बड़े पत्थर रखे हैं। इनके बीच में बाइक निकलने को स्थान है। यहां निर्माणदायी कंपनी द्वारा लोगों को सचेत करने के लिए कोई साइनेज नहीं लगाया गया है। इसके कारण बाइक सवार युवक भ्रमित हो गया। वह बाइक लेकर यहां से फ्लाईओवर पर आगे चला गया। इसके बाद वह बाइक समेत निर्माणाधीन फ्लाईओवर के गर्डरों पर जा गिरा। बाइक गर्डरों से नीचे गिर गई, जबकि युवक गर्डर पर ही फंसा रह गया। फ्लाईओवर पर कार्य कर रहे कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन युवक को गर्डर से निकालने की व्यवस्था बनाने में समय लग गया। अंधेरे के कारण उसे निकालने का कोई तरीका समझ में नहीं आ रहा था। इसके बाद जनरेटर से वहां लाइट की व्यवस्था की गई। इसके बाद रस्सियों से बांधकर युवक को वहां से निकाला गया। इसमें आधा घंटे का समय लग गया। तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। युवक की बाइक पर हाथरस का नंबर लिखा है। अभी उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। इंस्पेक्टर न्यू आगरा भूपेंद्र बालियान का कहना है कि युवक हादसे का शिकार हुआ है। उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
