विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा: शादी में जा रहे युवक की गोली मारकर हत्या, सड़क किनारे मिली लाश, आठ दिन पहले मिली थी जान से मारने की धमकी

Published: Mon, 06 Jul 2026 10:20 AM (IST)

फतेहाबाद के रामरतन उर्फ कटप्पा की मध्य प्रदेश के मुरैना में शादी में जाते समय गोली मारकर हत्या कर दी ...और पढ़ें

मृतक का फाइल फोटो और विलाप करते स्वजन।

मृतक का फाइल फोटो और विलाप करते स्वजन।

HighLights

  1. रामरतन उर्फ कटप्पा की मुरैना में गोली मारकर हत्या।

  2. शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था युवक।

  3. परिजनों ने साढ़ू व ससुर पर हत्या का आरोप लगाया।

संवाद सूत्र, फतेहाबाद (आगरा)। फतेहाबाद कस्बे के मल्लाह टोला निवासी रामरतन उर्फ कटप्पा की मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह रविवार को अपनी ससुराल बरेह, थाना अम्बाह क्षेत्र में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने चार पहिया वाहन से गया था। ससुराल पहुंचने से पहले ही हमलावरों ने उस पर हमला बोल दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब साढ़े दस बजे बरेह गांव से लगभग एक किलोमीटर पहले अज्ञात बदमाशों ने रामरतन पर फायरिंग कर दी। गोली उसकी जांघ में लगी। कुछ देर बाद उसका शव कार के बाहर सड़क किनारे पड़ा मिला।

सूचना मिलते ही अम्बाह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

एक सप्ताह पहले मिली थी हत्या करने की धमकी

मृतक के भाई भगवानदास ने हत्या को सुनियोजित साजिश बताते हुए साढ़ू प्रकाश निवासी मातापुरा (अम्बाह) और ससुर रामदीन पर हत्या कराने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दोनों ने करीब आठ दिन पहले रामरतन को जान से मारने की धमकी दी थी। इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। परिजनों ने आरोपितों के खिलाफ नामजद कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है।

यह भी पढ़ें- आगरा: बाथरूम के जिस फर्श को पक्का किया, उसमें दफन था शख्स; हकीकत जानकर राजमिस्त्री के उड़े होश

स्वजन का बुरा हाल, पुलिस कर रही पोस्टमार्टम के आधार पर कार्रवाई

रामरतन अपने पीछे पत्नी गुड़िया, 11 वर्षीय पुत्र रोहित और नौ वर्षीय पुत्र मोहित को छोड़ गया है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आरोपों सहित सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- आगरा: खीर में नशीली गोलियां, फिर हत्या और घर में दफनाया शव; पत्नी का चौंकाने वाला सच