Double Murder: आगरा में देर रात सिरफिरे आशिक ने मां-बेटी को चाकू से गोदकर मार डाला, बहू को किया घायल
बाह के जरार कस्बा में रविवार देर रात हुई घटना सोमवार तड़के घटनास्थल पर आइजी और एसएसपी पहुंचे। घटना के बाद से आरोपित फरार गिरफ्तारी को दबिश दे रही पुलिस। युवती का रिश्ता दूसरे लड़के से तय होने पर दिया घटना को अंजाम।
आगरा, जागरण संवाददाता। सिरफिरे आशिक ने रविवार देर रात दुस्साहसिक घटना को अंजाम दिया। युवती का रिश्ता दूसरे युवक से तय होने पर उसने युवती और उसकी मां को चाकू से गोदकर मार डाला। बचाव में आई युवती की भाभी को भी मरणासन्न कर दिया। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया।
बाह के जरार कस्बा निवासी 50 वर्षीय शारदा देवी की 19 वर्षीय बेटी कामिनी 11वीं कक्षा में पढ़ती है। उनका बड़ा बेटा राहुल अहमदाबाद में नौकरी करता है। रविवार रात घर में शारदा देवी, कामिनी, राहुल की पत्नी कमलेश और कमलेश की डेढ़ वर्ष की बेटी गुड़िया घर में थी। शारदा देवी के ससुर कस्बे में ही स्थित दूसरे मकान में सो रहे थे। उनका छोटा बेटा मनीष रात को उनके पास ही सोने चला गया था। गांव का ही विष्णु कामिनी से एकतरफा इश्क करता था। दोनों की जातियां अलग हैं। परिवार के लोग इसका विरोध करते थे। उन्होंने कामिनी से बात करते हुए देखने पर विष्णु को कई बार पीट दिया था। कामिनी का रिश्ता बीस दिन पहले किसी दूसरे लड़के से तय हो गया था। इसके बाद से ही वह हत्या की साजिश रच रहा था। रविवार रात को छत के रास्ते वह कामिनी के घर में घुसा। इसके बाद चाकू से गर्दन और चेहरे पर प्रहार कर कामिनी और उसकी मां को मार डाला। चीख पुकार सुनकर दूसरे कमरे से कमलेश वहां पहुंची तो उस पर भी चाकू से कई प्रहार कर दिए। उसको मरा समझकर आरोपित घर के मुख्य द्वार से भाग गया। पड़ोस के लोग पहुंचे तो कमलेश लहूलुहान हालत में कराह रही थी और मां-बेटी की सांसें थम चुकी थीं। घटना के दौरान बच्ची सो रही थी। इसलिए वह सुरक्षित बच गई। आइजी ए सतीश गणेश और एसएसपी बबलू कुमार सोमवार सुबह पांच बजे मौके पर पहुंचे। आरोपित के घर के कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। आरोपित की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।
दोस्तों में एलान कर रहा था बड़ा कांड करूंगा
पुलिस की छानबीन में पता चला कि आरोपित विष्णु हत्या की साजिश करीब एक माह से रच रहा था। वह कामिनी से एकतरफा इश्क करता था।स्वजन के विरोध के कारण वह रंजिश मानने लगा था। वह एक माह से अपने दोस्तों के सामने एलान कर रहा था कि वह बहुत बड़ा कांड करेगा।दोस्तों से पूछता था कि जेल में मिलने आओगे या नहीं? दोस्तों ने उसकी बात को मजाक में लिया था। रविवार रात को उसने दुस्साहसिक घटना कर दी।