सिद्धिदात्री के पूजन को मंदिरों में उमड़ी भीड़, शाम को मनाया जाएगा दशहरा
शारदीय नवरात्र में रविवार तड़के हुआ नवमी पूजन। देवी मंदिरों में पूजन को लगी श्रद्धालुओं की लाइन। कोरोना काल में श्रद्धालुओं को बाहर से ही कराए जा रहे हैं दर्शन। रविवार शाम को मनाया जाएगा आगरा में दशहरा।
आगरा, जागरण संवाददाता। शारदीय नवरात्रों में रविवार को आदिशक्ति के नवें स्वरूप सिद्धिदात्री का पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने माता का पूजन कर कंजक जिमाए। उन्हें यथा शक्ति दान-दक्षिणा दी गई। नवमी पर श्रद्धालुओं ने हवन कर आहूतियां दीं आैर नौ दिवसीय व्रत का पारायण किया।
शारदीय नवरात्र में कोरोना काल के चलते प्रमुख देवी मंदिरों में इस बार श्रद्धालुओं का प्रवेश वर्जित ही रहा। श्रद्धालुओं ने मंदिरों की चौखट से ही माता के दर्शन कर शीश नवाया। शहर के जो मंदिर खुले हुए थे, उनमें सुबह से ही दर्शन और पूजन को श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। राजा की मंडी स्थित चामुंडा देवी मंदिर में मैया के दर्शन और पूजन को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। यहां भक्तों को कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए दर्शन कराए गए। धाकरान, नागरी प्रचारिणी, एसएन मेडिकल कालेज स्थित देवी मंदिरों में सुबह से महिलाओं की लाइन माता के पूजन को लगी रही। उधर, घरों में सुबह से ही माता का पूजन शुरू हो गया। लोगों ने नवमी पूजन किया। माता के नौ दिवसीय व्रत पूर्ण होने पर उन्होंने कंजक जिमाये।
देवी प्रतिमाआें का विसर्जन कल
देवी प्रतिमाओं का विसर्जन नौ दिन तक पूजन करने के उपरांत सोमवार को किया जाएगा। कोराना काल में सार्वजनिक समारोहों के आयोजन की अनुमति नहीं होने से देवी पंडाल नहीं सजे हैं। माता के भक्तों ने घरों में ही प्रतिमाएं स्थापित की हैं। इनका विसर्जन सोमवार सुबह पूजन के बाद घाटों पर बने कुंडों में किया जाएगा।
दशहरा आज, होगा शस्त्रों का पूजन
रविवार को दशमी तिथि की शुरुआत सुबह 7:41 बजे से हो गई जो सोमवार सुबह नौ बजे तक रहेगी। रविवार को दशमी तिथि अपराह्न काल में पूर्ण व्याप्ति है, इसलिए रविवार को ही दशहरा मनेगा। दशमी के दिन मां दुर्गा ने महिषासुर और भगवान राम ने रावण का वध किया था। बुराई पर अच्छाई की जीत के उपलक्ष्य में अश्विन मास के शुक्ल पक्ष की दशमी को दशहरा मनाया जाता है। घरों में शस्त्र पूजा की जाएगी। प्रतिष्ठानों में भी पूजन होगा।