विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरी और चमकदार सब्जियां भी डाल रहीं असर, खेतों में कीटनाशक से इंसान में बीटा सेल्स हो रहीं खत्म

By Ajay Dubey Edited By: Prateek Gupta
Published: Sat, 14 Nov 2026 01:18 PM (IST)

आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के अध्ययन से खुलासा हुआ है कि ग्रामीण क्षेत्रों में मधुमेह बढ़ने का कारण खेतों ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, आगरा। खेतों में पसीना बहाने वाले, घर का खाना, पैदल चलने और तनाव मुक्त रहने वाले ग्रामीण भी मधुमेह की चपेट में आ रहे हैं। इसके पीछे के कारण जानने के लिए एसएन मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में ग्रामीण क्षेत्र के 220 लोगों पर अध्ययन किया गया। इसमें सामने आया है कि खेतों में कीटनाशक का छिड़काव करने से यह भूजल के माध्यम से लोगों के शरीर में पहुंच रहा है।

कीटनाशक मधुमेह की बीमारी कर रहे हैं। वहीं, अत्यधिक शराब का सेवन करने से भी अग्न्याशय की इंसुलिन बनाने वाली बीटा सेल्स खत्म हो रही हैं। इससे भी मधुमेह के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। शनिवार को विश्व मधुमेह दिवस पर डाक्टर लोगों बीमारी से बचाव और इलाज के लिए जागरूक करेंगे।

एसएन मेडिकल कालेज के टाइप वन डायबिटीज क्लीनिक के प्रभारी डा. प्रभात अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2024 से 2026 तक 18 महीने ग्रामीण क्षेत्र के 220 लोगों पर अध्ययन किया गया। इसमें 110 मधुमेह रोगी थी जबकि 110 स्वस्थ्य व्यक्ति थे। दोनों श्रेणी के लोगों के रहन सहन के साथ ही माहौल भी एक जैसा था।

इनकी फास्टिंग ब्लड शुगर, भोजन के बाद की ब्लड शुगर और तीन महीने की औसत शुगर एचबीए वन सी की जांच की गई। इसके साथ ही सीरम क्रिएटिनिन और लिपिड प्रोफाइल का भी परीक्षण किया गया। रक्त में आर्गेनोक्लोरीन कीटनाशकों (ओसीपी) के लिए गैस क्रोमैटोग्राफी तकनीक का इस्तेमाल किया गया।

मधुमेह रोग से पीड़ित मरीजों में ओसीपी का औसत स्तर 4.87 नैनोग्राम प्रति मिलीलीटर मिला, जबकि स्वस्थ लोगों में यह 1.68 नैनोग्राम प्रति मिलीलीटर था। मधुमेह से पीड़ितों मरीजों में ओसीपी का स्तर 2.9 गुना अधिक पाया गया। ओसीपी इंसुलिन को प्रभावित करते हैं इसलिए मधुमेह रोगियों में इसका स्तर अधिक मिला।

अध्ययन में सामने आया कि खेतों में कीटनाशकों के छिड़काव के बाद इनके अवशेष मिट्टी और भूजल तक पहुंच जाते हैं। भूजल को पीने के लिए इस्तेमाल करने से इनका स्तर शरीर में बढ़ने लगता है।

एसएन मेडिकल कालेज के एंडोक्रोनोलाजिस्ट डा. धर्मेंद्र तिवारी ने बताया कि लंबे समय तक शराब का सेवन करने से अग्न्याशय में इंसुलिन बनाने वाली बीटा सेल्स खत्म होने लगती हैं। उन्होंने बताया कि युवाओं में मधुमेह बढ़ने का एक कारण शराब का सेवन भी है।

मधुमेह रोगियों की स्क्रीनिंग में आगरा तीसरे नंबर पर

सीएमओ डा. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि 30 वर्ष से अधिक आयु के 738214 लोगों की जिला अस्पताल के साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों पर स्क्रीनिंग की गई। इसमें से 8925 मधुमेह रोगियों का इलाज चल रहा है। शहरी क्षेत्र में व्यवस्क आबादी का 10 प्रतिशत मधुमेह रोगी हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में यह सात प्रतिशत है।

सीजीएस से 24 घंटे शुगर की जांच, सप्ताह में एक दिन इंसुलिन

उत्तर प्रदेश डायबिटीज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डा. अतुल कुलश्रेष्ठ ने बताया कि मधुमेह रोगियों की जांच और इलाज बेहतर हुआ है। अब हाथ पर एक चिप लगा दी जाती है इससे हर 15 मिनट में कंटीन्यूअस ग्लूकोज मानिटरिंग (सीजीएस) होती है। शुगर का इस्तर कम और ज्यादा होने पर अलार्म बजने लगता है।

जिससे इंसुलिन और दवाओं की डोज एडजस्ट की जा सके। वहीं, सप्ताह में एक दिन लगने वाली इंसुलिन भी आ गई हैं। वहीं, नई जीएलपी-1 एगोनिस्ट ग्रुप की दवा से शुगर का स्तर नियंत्रित रहने के साथ ही वजन भी कम हो रहा है।

मधुमेह रोगियों की खिलखिला रही जिंदगी

शास्त्रीपुरम के रहने वाले रामपूजन द्विवेदी बेसिक शिक्षा परिषद से सेवानिवृत हैं। 20 वर्ष से मधुमेह रोगी हैं, उन्होंने बताया कि वे प्रतिदिन तीन से चार किलोमीटर पैदल चलते हैं। पांच से सात किलोमीटर साइकिल चलाते हैं। कई बार दवा की डोज भी कम करनी पड़ती है, शुगर का स्तर नियंत्रित रहता है।

इंसुलिन लेकर जी रहे बेहतर जिंदगी

एसएन के टाइप वन डायबिटीज क्लीनिक में 400 मरीजों का पंजीकरण है। इसमें बीटा सेल्स खत्म हो जाती हैं और दिन में तीन से चार बार इंसुलिन लेनी पड़ती है यह पांच से 17 वर्ष की आयु में ज्यादा देखने को मिलती है। आलोक लालवानी को वर्ष 2024 में टाइप वन डायबिटीज डायग्नोज हुई थी। वे इंसुलिन लेते हैं शुगर का स्तर नियंत्रित रहता है। डीइआइ से बीटेक कर रहे हैं।

अनियंत्रित शुगर से मधुमेह रोगियों की आंख, गुर्दे को नुकसान, हार्ट अटैक का खतरा

अभी भी बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जिनका शुगर का स्तर नियंत्रित नहीं रहता है। शुगर का स्तर नियंत्रित होते ही दवा लेना बंद कर देते हैं। करेले का जूस सहित देसी इलाज करते हैं। इससे शुगर का स्तर बढ़ने लगता है। इसके चलते मधुमेह रोगियों में डायबिटिक रेटिनोपैथी से आंखों की रोशनी जा रही है। गुर्दे खराब होने के साथ ही हार्ट अटैक का खतरा बढ़ रहा है और टीबी का संक्रमण भी हो रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।