यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 01, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आगरा में महिला ने ली समाधि, महीनों से कर रहे सड़क बनाने की मांग, नहीं सुनी तो अपनाया ये तरीका
बदहाल सिरौली रोड को लेकर धनौली में सावित्री ने ली समाधि। कई महीनों से ग्रामीण हैं इस मार्ग को बनवाने ...और पढ़ें

आगरा, जागरण टीम। विकास कार्यों की दुहाई दी जा रही है लेकिन हकीकत ये है कि महीनों से गांव के लोग सड़क बनवाने की मांग कर रहे हैं। न ही जनप्रतिनिधि सुन रहे हैं और ना ही अधिकारी। सिरौली रोड की बदहाली को लेकर दिए जा रहे धरने पर बैठे ग्रामीणों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। सोमवार को समाजसेवी सावित्री देवी ने समाधि ले ली। इसकी जानकारी मिलते ही थाना मलपुरा से पुलिस पहुंच गई है।
समाजसेवी सावित्री देवी ने बताया कि धनौली से अजीजपुर, प्रभुकुंज कालोनी, विकास नगर, कंचनपुर, सिरौली, जारुआ कटरा, बमरौली अहीर, बाईपुर, खेड़ा भगौर आदि गांव को लिंक मार्ग है। इस मार्ग के किनारे गंदे पानी की निकासी के लिए नाला नहीं है। पानी लिंक मार्ग और बस्तियों में भरा रहता है। इससे डामर उखड़ गई है। आरसीसी टूट गई है। गिट्टियां बाहर निकल आई हैं। मार्ग में गहरे गहरे गड्ढे हो गए हैं। वहां से पैदल न ही वाहनों से लोग गुजर पाते हैं। ये समस्या करीब 15 साल से है। मार्ग व नाला निर्माण के लिए दो बार धरने दे चुके हैं। अधिकारियों को कई शिकायती पत्र लिख चुके हैं। लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। इससे आजिज़ आए ग्रामीणों ने धनौली रोड पर समाधि लेने का निर्णय लिया है। उन्होंने सोमवार को एक गद्दा भी खोद लिया है। सुबह करीब नौ बजे सावित्री समाधि लेने की तैयारी में जुट गई। इसकी जानकारी पर पुलिस आ गई। सुबह करीब 10 बजे सावित्री देवी ने गद्दे में बैठकर समाधि ले ली। इस दौरान लोकेश तोमर, सतेंद्र, सचिन निगम, घनश्याम अग्रवाल, प्रवेश चक, मीना देवी, पुष्पा देवी, संजय कृष्ण आदि थे।
